भाजपा के महिला राज में महिलाएं ही असुरक्षित, बेटी बचाओ का नारा खोखलाः दीपा दुबे

कहा-भाजपा नेता पर यौन शोषण व चोरी का इल्जाम लगाने वाली महिला को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी महिला कांग्रेस

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा है कि यह बड़े दुख की बात है कि चंडीगढ़ में सांसद भाजपा की महिला है, मेयर भी भाजपा की महिला है, केंद्र में सरकार भाजपा की है, चंडीगढ़ का प्रशासन उसके अधीन है, फिर भी बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा महिलाओं की रक्षा नहीं कर पा रही है। खुद भाजपा नेता महिला शोषण में लिप्त हैं।

दीपा दुबे ने एक बयान में कहा कि मीडिया रिपोर्टों से पता चला है कि चंडीगढ़ की एक महिला ने अपने ही संबंधी व्यक्ति, जो कि बीजेपी का नेता है, के ऊपर गहने चोरी और यौन शोषण करने का इल्जाम लगाया है। इसकी शिकायत सेक्टर-34 थाने में 10.8.2020 को दी गई थी लेकिन थाने के एसएचओ ने पीड़िता से कहा कि उन्हें यह शिकायत एसएसपी के पास दर्ज करानी चाहिए, तभी वह आगे कार्रवाई कर सकेंगे। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस पीड़ित महिला का पूरा साथ देते हुए उसे न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि लगता है कि भाजपा सरकार चंडीगढ़ को पूरी तरह उत्तर प्रदेश सरकार के नक्शे कदम पर चलाना चाह रही है, जहां बच्चियां, बेटियां और महिलाएं हर वक्त अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं लेकिन चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ऐसा होने नहीं देंगी। दीपा दुबे ने कहा कि शहर की सांसद, मेयर महिलाएं हैं। बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष निगम की एम्पावरमेंट कमेटी की चेयरपर्सन और पार्षद हैं, फिर भी शहर में महिलाएं न केवल असुरक्षित हैं, बल्कि एक पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए भाजपा की महिला नेता बोल तक नहीं रही हैं। इससे साबित होता है कि भाजपा का बेटी बचाओ का नारा खोखला है।

ये भी पढ़ेंः भाजपा महासचिव पर यौन शोषण का आरोप: सांसद व मेयर चुप क्यों: कांग्रेस

error: Content can\\\'t be selected!!