चंडीगढ़ निगम चुनाव में कांग्रेस व AAP को एक भी सीट नहीं जीतने देंगे, सभी 35 सीटों पर जीतेगी BJP: अरुण सूद, किसानों को लेकर भी बोला जोरदार हमला

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने आने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर करार हमला बोला है। सूद ने ऐलान किया है कि निगम चुनाव में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाएंगी, जबकि भाजपा निगम की सभी 35 सीटों पर भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगी। यही नहीं, उन्होंने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर किसानों की आड़ में राजनीति करने तथा चंडीगढ़ का माहौल खराब करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक प्रैस कांफ्रैंस के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच खो-खो जैसा खेल चल रहा है। कभी कांग्रेस के दो लोग आम आदमी पार्टी में चले जाते हैं तो दो लोग आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में चले जाते हैं और यह सिलसिला अभी थमता भी नहीं दिख रहा है, बल्कि बढ़ता ही नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वार्थ व अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के चलते कांग्रेस व आम आदमी पार्टी आपस में ही उलझे पड़े हैं, जबकि भाजपा निगम चुनाव के लिए नहीं, बल्कि मौजूदा नगर निगम कार्यकाल में बहुमत हासिल होने से पहले से ही जनता के बीच लगातार सक्रिय है तथा बहुमत मिलने के बाद भी भाजपा जनसेवा के कार्यों, चंडीगढ़ के हित से जुड़े मुद्दों व लोगों की समस्याएं हल करने की दिशा में अनवरत काम करती रही है और करती रहेगी। यही कारण है कि इस बार के नगर निगम चुनाव में चंडीगढ़ की जनता भाजपा को पिछली बार से भी ज्यादा समर्थन देने का मूड बना चुकी है।

अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी अपनी जीत के आंकलन को लेकर ही कन्फ्यूज हैं। इनका एक नेता जीत की संभावना वाली सीटों की संख्य़ा कुछ बताता है तो दूसरा कुछ और बोलता है, जबकि हम चंडीगढ़ की जनता के मिल रहे समर्थन को देखते हुए स्पष्ट कह सकते हैं कि इस बार के निगम चुनाव में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को भाजपा एक भी सीट नहीं जीतने देगी, बल्कि सभी 35 सीटों पर भाजपा अपनी विजय का परचम लहराएगी।

एक अन्य सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी किसानों की आड़ में राजनीति करके चंडीगढ़ का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के लोग किसानों के चोले ओढ़कर भाजपा के कार्यक्रमों में व्यवधान डालने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। अरुण सूद ने कहा कि दो दिन पहले वह एक कालोनी में जनसभा कर रहे थे। वहां बड़ी संख्या में लोग भाजपा में शामिल हुए थे। इसी दौरान एक युवक काला कपड़ा लेकर नारे लगाता हुआ आ गया और दूसरा युवक उसकी वीडियो बनाने में लग गया। पांच मिनट बाद यह वीडियो कांग्रेस नेताओं को भेज दिया गया तथा दस मिनट में कांग्रेस नेताओं ने यह मीडिया को भेज दिया। पंद्रह मिनट बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चल गया। सूद ने कहा कि इसी तरह कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने पिछले दिनों चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जनआशीर्वाद यात्रा शुरू होने के मौके पर एक महिला के साथ कथित अभद्रता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किए, जबकि बाद में इस वीडियो की भी सच्चाई सामने आ गई। महिला के बाल खींचने या अभद्रता जैसी उसमें कोई बात ही नहीं थी।

सूद ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी आवाज उठाने या विरोध प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है लेकिन कोई भी आंदोलन, धरना, विरोध प्रदर्शन कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। एक अन्य सवाल के जवाब में अरुण सूद ने कहा कि अगर दूसरी पार्टियां शहर में धरना-प्रदर्शन, आंदोलन कर सकती हैं तो भाजपा कार्यकर्ताओं को भी अपने कार्यक्रम आयोजित करने का हक है। 17 सितम्बर से लगातार 20 दिन तक चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा शहर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस सेवा व समर्पण अभियान के रूप में धूमधाम से मनाएगी। चूंकि 7 अक्तूबर को जनप्रतिनिधि के रूप में लगातार काम करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 20 साल पूरे कर रहे हैं। इसलिए यह कार्यक्रम भी 20 दिन का रखा गया है। इस प्रैस कांफ्रैस में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन व जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!