शेर, चीता, बाघ और तेंदुए में क्या होता है अंतर, किसकी क्या है खासियत, जानिए यहां

Lion, Cheetah, Tiger And Leopard Difference: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा 8 चीतों को छोड़ने के साथ ही भारत में 70 साल बाद चीतों की मौजूदगी की उपलब्ध हो गई। यह चीते अफ्रीका के नामीबिया (Namibia) से लाए गए हैं, जिनमें पांच मादा और तीन नर हैं। नामीबिया से भारत लाए गए यह चीते लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

भारत के जंगलों में पिछले 70 साल से केवल शेर, बाघ और तेंदुआ पाए जाते थे। साल 1947 में देश में आखिरी बार चीता देखा गया था। इसके बाद भारत सरकार ने साल 1952 में चीतों को विलुप्त घोषित कर दिया था। अब लंबे समय बाद भारत में शेर, बाघ, तेंदुआ के अलावा चीते भी देखने को मिलेंगे। जंगलों में रहने वाले यह चारों जानवर बेहद शक्तिशाली होते हैं। जानिए शेर, बाघ, तेंदुआ और चीता में क्या अंतर होता है?

चीता (Cheetah)

चीता दुनिया का सबसे तेज रफ्तार से दौड़ने वाला जानर है। चीता आमतौर पर 112 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ता है। इसकी दौड़ने की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है लेकिन चीता ज्यादा दूरी तक नहीं दौड़ सकता। यह अपनी अधिकतम गति में सिर्फ एक मिनट दौड़ सकता है। तीन सेकेंड में चीता 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार पकड़ लेता है।

शेर (Lion)

जंगल का राजा कहा जाने वाला शेर अधिकतम 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। शेर का शरीर बड़ा और भारी होता है। इसके बावजूद जंगल में इसकी दहाड़ और ताकत को सबसे खतरनाक माना जाता है। शेर की लंबाई 10 फीट तक हो सकती है और वजन 250 किलोग्राम तक हो सकता है। अफ्रीका और भारत में शेर पाए जाते हैं। शेर में इतनी ताकत होती है कि वह किसी भी बड़े जानवर का शिकार कर सकता है। यहां तक कि वह भैंसे को भी मार डालता है।

बाघ (Tiger)

बाघ की लंबाई 10 फीट और वजन 300 किलोग्राम होता है। बाघ की दौड़ने की गति 64 किलोमीटर प्रतिघंटा होती है। बाघ का वजन शेर से भी अधिक होता है। भारत, इंडोनेशिया, रूस और भूटान के पहाड़ों पर बाघ पाए जाते हैं। बाघ हिरण और जंगली सुअर समेत कई जानवरों का शिकार करते हैं। कहा जाता है कि बाघ ने पंजा गड़ा दिया है तो उससे छूटना कठिन होता है।

तेंदुआ (Leopards)

चीते से ज्यादा ताकतवर माना जाने वाला तेंदुआ भारत और अफ्रीका में पाया जाता है। इसकी अधिकतम लंबाई 6.2 फीट होती है और यह 58 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। तेंदुए आमतौर पर रात में शिकार करते हैं, क्योंकि इन पर शेर और बाघ के हमले का डर रहता है। यह किसी भी मध्यम आकार के जानवर को अपना शिकार बना सकता है। यह इंसानों पर भी हमला कर देते हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!