पंचकूला में साप्ताहिक लॉकडाउन खत्म, चंडीगढ़ में ऑड-ईवन पर पुनर्विचार संभव

हरियाणा सरकार ने पूरे राज्य में सोमवार व मंगलवार को लॉकडाउन रखने का आदेश वापस लिया, चंडीगढ़ में रात का लॉकडाउन भी हटेगा

CHANDIGARH: पंचकूला समेत पूरे हरियाणा में आज साप्ताहिक लॉकडाउन खत्म कर दिया गया है यानी अब हरियाणा में किसी भी दिन व किसी भी समय कोई लॉकडाउन नहीं है। सोमवार व मंगलवार को लॉकडाउन रखने के जारी किए गए आदेश को राज्य सरकार ने वापस ले लिया है। यह जानकारी हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने खुद ट्वीट करके दी है। इसी के साथ अब चंडीगढ़ में भी रात का लॉकडाउन खत्म करने का आदेश यूटी प्रशासन की तरफ से कभी भी जारी किया जा सकता है। साथ ही शहर के रेहड़ी मार्केट्स में लागू ऑड-ईवन सिस्टम पर भी पुनर्विचार संभव है।

चंडीगढ़ हटा चुका वीकेंड लॉकडाउन

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते हरियाणा व चंडीगढ़ में वीकेंड (शनिवार व रविवार) लॉकडाउन लागू किया गया था। इसके तहत सभी आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर बाकी दुकानें व शॉपिंग मॉल्स पूरी तरह बंद रखने को कहा गया था लेकिन व्यापारियों के विरोध के चलते जहां चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में गत शुक्रवार को वीकेंड लॉकडाउन हटा दिया, वहीं हरियाणा सरकार ने प्रदेश में वीकेंड (शनिवार व रविवार) के बजाय सोमवार तथा मंगलवार को लॉकडाउन लागू कर दिया था।

अब प्रदेश सरकारों को कोई भी लॉकडाउन करने का अधिकार नहीं

हरियाणा में नए आदेश के तहत कल लॉकडाउन होना था लेकिन इससे पहले ही आज हरियाणा सरकार ने साप्ताहिक लॉकडाउन के अपने आदेश को वापस ले लिया। क्योंकि केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 की गाइडलाइंस जारी करने के साथ ही देश में प्रदेश सरकारों को कोई भी लॉकडाउन करने का अधिकार नहीं दिया है। हालांकि अनलॉक-4 की गाइडलाइंस सितम्बर से लागू होंगी लेकिन सोमवार व मंगलवार के लॉकडाउन का भी प्रदेश में व्यापारियों तथा कांग्रेस की तरफ से भारी विरोध होने से हरियाणा सरकार ने सोमवार से पहले ही साप्ताहिक लॉकडाउन के आदेश को केंद्र सरकार की गाइडलाइंस की आ़ड़ में वापस ले लिया।

चंडीगढ़ में ऑड-ईवन पर भी हो सकता है फैसला

चंडीगढ़ में भी व्यापारियों व कांग्रेस के विरोध के बाद गत शुक्रवार को यूटी प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन का आदेश वापस ले लिया था लेकिन शहर में अभी रात का लॉकडाउन व रेहड़ी मार्केट्स में दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन सिस्टम लागू रखा गया। अब अनलॉक-4 के लिए केंद्र सरकार की गाइडलाइंस व नए आदेश तथा पड़ोसी राज्य हरियाणा के कदम को देखते हुए माना जा रहा है कि चंडीगढ़ प्रशासन भी किसी भी समय रात का लॉकडाउन खत्म कर सकता है। इसके बाद चंडीगढ़ भी पूरी तरह लॉकडाउन मुक्त हो जाएगा। माना जा रहा है कि इसी के साथ चंडीगढ़ प्रशासन रेहड़ी मार्केट्स में दुकानें खोलने के लिए लागू ऑड-ईवन सिस्टम पर भी पुनर्विचार कर सकता है, क्योंकि यह भी कोरोनाकाल के प्रतिबंधों का एक हिस्सा है तथा जिस दिन ऑड या ईवन नंबर वाली दुकानें बंद रहती हैं, वह एक तरह से लॉकडाउन की श्रेणी में आ जाती हैं।

ये भी पढ़े 👉 ऑड-ईवन रहते छोटे दुकानदार अभी मायूस, व्यापार मंडल ने सूद व टंडन का आभार जताया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content can\\\'t be selected!!