अनलॉक-4: कोरोना की चुनौती खत्म न होने तक सामान्य उड़ानें शुरू नहीं हो सकतींः पुरी

कहा- चंडीगढ़ एयरपोर्ट से बढ़ाई जाएंगी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की संख्या

CHANDIGARH: देश के नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि कोरोना महामारी की चुनौती खत्म न होने तक देश में सामान्य उड़ानें शुरू नहीं की जा सकती हैं लेकिन सामान्य उड़ानें शुरू न होने पर भी हम अपने नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देंगे |

चंडीगढ़ से इंटरनैशनल उड़ानेंं बढ़ाने के फैसले पर अमल जल्द

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए भी जल्द ही उड्डयन मंत्रालय फैसला लेने जा रहा है। इसके लिए चंडीगढ़ के एयरपोर्ट के रनवे आदि सभी प्रकार की तमाम तकनीकी बारीकियों को परखने के उपरान्त उस पर होने वाले कार्यों को जल्द करवा जाएगा। एयर इंडिया से लेकर अन्य एयरलाइंस से बातचीत करके जल्द ही इस फैसले को अमली जामा पहनाया जाएगा। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा आयोजित पहली वर्चुअल कार्यकारिणी बैठक के दौरान कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने चंडीगढ़ से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की बढ़ौतरी की मांग की थी। इस बैठक में पार्टी के चंडीगढ़ मामलों के प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, सांसद किरण खेर, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सत्यपाल जैन, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संजय टंडन, प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर और रामबीर भट्टी, महापौर राजबाला मलिक सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, प्रकोष्ठों के प्रमुखों आदि ने विशेष रूप से भाग लिया। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन ने बैठक के समापन सत्र की अध्यक्षता की।

वर्चुअल मीटिंग के दौरान भाजपा नेता।

कोरोना से मृत्यु दर केवल 1.8%

इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बहुत सारी योजनाएं चलाई गई और इस महामारी में भी अवसर की खोज के तहत पीपीई किटों का निर्माण, दवाइयों का निर्माण आदि को मुख्य रूप से बढ़ावा मिला है। मोदी सरकार की तरफ से तुरंत और प्रभावी कदम उठाने से हमने वैश्विक महामारी पर कुछ हद तक काबू पाने में सफलता पाई है। भारत में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बाकी अन्य देशों के मुकाबले काफी कम रही। अगर हम आंकड़ों में कहें तो यह मृत्यु दर केवल 1.8% रह पाई है। मोदी सरकार के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘वंदे भारत’ फ्लाइट चलाई गई, जिसने दूसरे देशों में फंसे हुए भारतीय नागरिकों के लिए संजीवनी का काम किया और भारतीय नागरिकों को वापस लाने में हम सक्षम हो पाए।

12,00,000 यात्रियों को विदेशों से वापस लाए

उन्होंने कहा कि वंदे भारत फ्लाइट्स के तहत लगभग 12,00,000 यात्रियों को विदेशों से वापस लाया गया और 2 लाख यात्री वापस भेजे गए। कुल 14 लाख यात्रियों का आवागमन हुआ, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने यह भी बताया 25 मई को जब घरेलू उड़ान शुरू की गईं तो उनकी संख्या केवल 318 थी और 30,550 यात्रियों का आवागमन हो रहा था, जबकि आज 1,040 उड़ाने शुरू हो चुकी हैं तथा 1,12,630 यात्रियों का हवाई आवागमन हो रहा है, जबकि इस वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा तीन लाख तक पहुंचने की आशा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चंडीगढ़ में 4000 मकान बनाए, 691 अलॉट

हरदीप पुरी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार संभालते ही प्रधानमंत्री आवास योजना का शुभारंभ किया था और उन्होंने प्रण लिया था कि 2022 तक स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर तक देश के सभी गरीब लोगों को घर उपलब्ध करवाए जाएंगे जिसके तहत विभाग की तरफ से सर्वे करवाया गया, जिसमें 1 करोड़ 12 लाख घरों की आवश्यकता चिन्हित की गयी तथा एक करोड़ सात लाख घर बनाने की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 70 हजार मकानों का निर्माण शुरू हो चुका है और अब तक लगभग 38 लाख लाभार्थियों को मकान दिए जा चुके हैं। चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 4000 मकान इस योजना के तहत बनाए गए हैं, जिनमें से 691 मकान अलाट किए जा चुके हैं और बाकी मकान भी शीघ्र आबंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और शहरवासियों की जो मांग है कि जमीन को सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाए जाएं, उस पर भी कार्य चालू है, जबकि पहले से बन चुके 2526 घर जो खाली पड़े हैं, उनको भी अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि प्रवासी मजदूरों के लिए किराए पर घर भी सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए जाने की योजना पर विचार चल रहा है।

ये भी पढ़ें 👉 पंचकूला में साप्ताहिक लॉकडाउन खत्म, चंडीगढ़ में ऑड-ईवन पर पुनर्विचार संभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content can\\\'t be selected!!