ये चंडीगढ़ है योगी का यूपी नहीं, यहां नहीं चलने देंगे BJP की मनमानी का बुलडोजरः दीपा दुबे

खुड्डा लहौरा और खुड्डा जस्सू में पहुंचे बुलडोजरों को लोगों ने कड़ा विरोध कर लौटाया
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं- पहले अफसरों के घरों में हुए अवैध निर्माणों को तोड़े प्रशासन

CHANDIGARH, 24 APRIL: शहर की कालोनी नंबर-4, किशनगढ़ व कैंबवाला के बाद आज चंडीगढ़ प्रशासन के बुलडोजर अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए गांव खुड्डा लहौरा व खुड्डा जस्सू में पहुंचे तो यहां उन्हें कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व ट्रैक्टरों से अवरोध बनाकर बुलडोजरों को आगे बढ़ने से रोक दिया। लोगों के भारी विरोध को देखते हुए आखिरकार बुलडोजरों को वापस लौटना पड़ा। इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं तथा ग्रामीणों के साथ एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई।

यहां भाजपा व उसकी सरकार को मनमानी नहीं करने दी जाएगी

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने गांवों व कालोनियों में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा की जा रही तोड़फोड़ की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन एक बात कान खोलकर सुन ले कि बुलडोजर सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित है। यहां भाजपा तथा उसकी सरकार को मनमानी नहीं करने दी जाएगी। ये चंडीगढ़ है, योगी का यूपी नहीं है। यहां आम जनता को मनमानी के बुलडोजर के नीचे नहीं दबने दिया जाएगा।

भाजपा व उसकी सरकार अब लोगों को बेघर करने पर तुली

दीपा दुबे ने कहा कि उस समय प्रशासन के अधिकारी कहां थे जब इन स्थानों पर घरों की रजिस्ट्री की जा रही थी। बिजली के मीटर, पानी के मीटर लगाए जा रहे थे। उसके बाद इतने सालों से बिजली और पानी के बिलों की वसूली की जा रही थी। आज प्रशासन को यही सब निर्माण अवैध नजर क्यों आ रहे हैं ? दीपा दुबे ने कहा कि प्रशासन और भाजपा सरकार मिलकर लोगों को केवल बुरी तरीके से तंग करने में लगे हुए हैं। कभी बेरोजगारी, कभी पेट्रोल-डीजल के रेट, कभी एलपीजी सिलेंडर तो कभी जरूरी सामान के दाम बढ़ाकर आम जनता को लूटा जा रहा है। अब भाजपा व उसकी सरकार लोगों को बेघर करने पर तुल गई है। ये कौनसा-कैसा शासन है ?

चंडीगढ़ में कांग्रेस अब कहीं भी बुलडोजर नहीं चलने देगी

दीपा दुबे ने चंडीगढ़ के प्रशासक, उनके एडवाइजर और चंडीगढ़ की सांसद से पूछा है कि रमजान में और इतनी गर्मी में आम जनता को इतना परेशान क्यों किया जा रहा है ? प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन को यदि अवैध निर्माण तोड़ने ही हैं तो पहले उच्च अधिकारियों के घरों में जो आवैध निर्माण हो रखा है, उसको हटाए, न कि चंडीगढ़ के आम नागरिकों को तंग करे। दीपा दुबे ने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस अब कहीं भी भाजपा की मनमानी वाला बुलडोजर नहीं चलने देगी। कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह चंडीगढ़ के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

error: Content can\\\'t be selected!!