चंडीगढ़ में AAP की जीत के ‘हीरो’ रहे प्रदीप छाबड़ा को पार्टी ने दिया बड़ा इनाम

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, नोटिफिकेशन जारी, पार्टी में जश्न का माहौल

Pradeep Chhabra’s appointment CHANDIGARH, 12 JANUARY: चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (AAP) को जीरो से हीरो बना देने वाले पार्टी के सह-प्रभारी एवं पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा को आखिरकार AAP ने एक बड़े इनाम से नवाज दिया। पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदीप छाबड़ा को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन बनाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली AAP की पंजाब सरकार से जुड़ी प्रमुख हस्तियों में शामिल कर लिया। पंजाब सरकार ने पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन पद पर प्रदीप छाबड़ा की नियुक्ति की नोटिफिकेशन भी जारी कर दी है। इसी के साथ चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी और प्रदीप छाबड़ा के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पंजाब सरकार के अधीन चंडीगढ़ से किसी भी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता की यह पहली नियुक्ति है। इसलिए भी यह नियुक्ति बहुत महत्वपूर्ण और यहां पार्टी में हर्ष का कारण मानी जा रही है।

नगर निगम चुनाव-2021 में छाबड़ा ने दिखाया था अपने सियासी कौशल का करिश्मा
प्रदीप छाबड़ा फरवरी-2021 तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे लेकिन इस पद से हटने के बाद स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व की उपेक्षापूर्ण कार्यशैली से नाराज होकर छाबड़ा ने कांग्रेस छोड़ दी और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर वह उनके नेतृत्व में AAP में शामिल हो गए थे। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 के ऐन पहले प्रदीप छाबड़ा के इस अप्रत्याशित कदम ने चंडीगढ़ की राजनीति को 360 डिग्री घुमा दिया था। छाबड़ा के राजनीतिक कौशल पर पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को इस कदर भरोसा हो गया कि AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनाव में पहली बार सभी 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला कर दिया था, जबकि छाबड़ा की पार्टी में एंट्री से पहले AAP चंडीगढ़ में सभी सीटों पर निगम चुनाव लडऩे को पंजाब के परिपेक्ष्य में सियासी तौर पर रिस्की मान रही थी, क्योंकि तब चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी सांगठनिक रूप से भी बहुत कमजोर थी लेकिन प्रदीप छाबड़ा ने एक महीने के भीतर ही अपने सियासी कौशल से न केवल आम आदमी पार्टी को संगठन के तौर पर मजबूत कर दिया, बल्कि नगर निगम चुनाव में पहली बार में ही कुल 35 सीटों में से सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतकर AAP शहर में सबसे बड़ी पार्टी बन गई, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा 12 और कांग्रेस 8 सीटों पर सिमट गई थी। शिरोमणि अकाली दल अपनी एक सीट बचाने में कामयाब रहा था। यह बात अलग है कि पार्षदों की तोडफ़ोड़ और जोड़-तोड़ के पैंतरे से भाजपा अपना मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाने में फिर सफल हो गई लेकिन चंडीगढ़ नगर निगम के आम चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार जीत ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP में चौगुना जोश भर दिया था। तब खुद अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने चंडीगढ़ की जनता के बीच घोषणा कर दी थी कि पंजाब की राजधानी में मिली यह जीत पंजाब चुनाव को फतेह करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

निगम चुनाव में शानदार सफलता के लिए छाबड़ा की भूमिका को सार्वजनिक मान्यता
यही नहीं, देशभर में किसी भी स्थानीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की विजय की शुरुआत चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 से ही हुई थी, जिसकी गूंज हाल ही में हुए दिल्ली नगर निगम (DMC) चुनाव में भी सुनी गई, जिसमें AAP ने पहली बार स्पष्ट बहुमत हासिल किया। माना जा रहा है कि पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन पद पर प्रदीप छाबड़ा की नियुक्ति के रूप में पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP को मिली शानदार सफलता में छाबड़ा की बड़ी भूमिका को ही सार्वजनिक मान्यता दी है। हालांकि पार्टी के भीतर और चंडीगढ़ के राजनीतिक गलियारों में निगम चुनाव के रिजल्ट के तुरंत बाद से ही छाबड़ा के सियासी कौशल का लोहा मान लिया गया था।

35 साल से भी ज्यादा है राजनीतिक अनुभव

पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा का राजनीतिक अनुभव 35 साल से भी ज्यादा का है। इसमें सबसे ज्यादा लंबे वक्त वह कांग्रेस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे। तीन बार लगातार पार्षद और इस बीच चंडीगढ़ के मेयर भी रहे। 2015 में उन्हें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर वह लगातार 6 साल रहे। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उन्हें AAP का सह-प्रभारी नियुक्त कर पार्टी में उनका कद पहले ही महत्वपूर्ण कर दिया था।

छाबड़ा के घर लगा बधाइयों का तांता, ढोल की थाप पर थिरके समर्थक
प्रदीप छाबड़ा को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन बनाए जाने की सूचना मिलते ही छाबड़ा के सेक्टर-22 स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। बधाई देने के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेताओं व छाबड़ा समर्थकों का हुजूम बढ़ता ही जा रहा है। समर्थक ढोल की थाप पर जमकर थिरके। लोगों ने बुके और फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। खबर लिखे जाने तक प्रदीप छाबड़ा के घर तथा पार्टी में जश्न का माहौल जारी था।

error: Content can\\\'t be selected!!