साइकिल रैली और पौधारोपण कर विद्यार्थियों ने मनाया ग्रीन कंज्यूमर-डे, दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश

केके शारदा, प्रेम विज व डॉ. सरिता मेहता ने लगाए पौधे

green consumer day celebration CHANDIGARH, 28 SEPTEMBER: महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल दरिया (चंडीगढ़) ने पर्यावरण विभाग चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कंज्यूमर-डे के उपलक्ष्य में आज एक साइकिल रैली आयोजित की और मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। इसमें इको क्लब के अधिकतर विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान साइकिल क्लब का भी गठन किया गया।

प्रिंसिपल डॉ. विनोद शर्मा ने विद्यार्थियों को साइकिल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे व्यक्ति स्वस्थ और फुर्तीला रहता है। आज लोग छोटे-छोटे कार्यों को पूर्ण करने के लिए वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे  निकलने वाले धुएं से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इससे लोग कई बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि वे भी अपने दैनिक जीवन में साइकिल का ही प्रयोग करें और इस दौरान साइकिल पथ का पर चलें। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से प्रदूषण से बच सकते हैं। इससे धन की बचत होगी और आयात होने वाले पेट्रोलियम पदार्थों पर भी नियंत्रण होगा।         

इस दौरान विद्यार्थियों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे भविष्य में साइकिल का प्रयोग करेंगे तथा अन्य लोगों को भी इसके लाभों से अवगत करवाकर उन्हें भी इस ओर प्रेरित करेंगे।  यह रैली मुख्य सड़कसे होती हुई गांव की गलियों में गई। विद्यार्थियों ने गांव में जाकर लोगों को बताया कि वे भी अपने दैनिक दिनचर्या में साइकिलिंग जरूर करें। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने की अपील की। साइकिल रैली के पश्चात बाबा बालक नाथ प्राचीन मंदिर में पीपल, बरगद और नीम के पौधे लगाए।  इस मौके पर संवाद साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रेम विज, स्वतंत्रता सेनानी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केके शारदा, विद्या धाम अमेरिका से पधारीं डॉ. सरिता मेहता ने पौधारोपण करके बच्चों और आसपास के लोगों को पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की मुहिम को गति देते हुए पेड़ों की महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि पेड़ ही जीवन का आधार हैं।  इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पेड़- पौधे ही हमें स्वच्छ वातावरण देते हैं। पेड़ ही हमारे सच्चे मित्र हैं। इन्हें काटे नहीं बल्कि देखभाल करें। पेड़- पौधों के सुरक्षित रहने पर ही सभी प्राणी स्वस्थ रहेंगे। इस मौके पर स्कूल के अध्यापकगण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर प्रिंसिपल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।  

error: Content can\\\'t be selected!!