महंगे पानी पर धरना जारीः चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम गूंगे- बहरे व अंधे, लोगों को जान जोखिम में डालकर उठानी पड़ रही आवाजः भजनी

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय भजनी ने बताया कि आज धरने में मनीमाजरा के व्यापारियों ने भी साथ दिया।

तीसरे दिन ये लोग बैठे धरने पर

बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस नेता सुरजीत ढिल्लों, रामेश्वर गिरि, संजीव गाबा व फतेह सिंह ने ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं व्यापार मण्डल के प्रधान मलकीत सिंह, जनता रेहड़ी मार्केट के प्रधान वसीम मोहम्मद, बाबर अली, दिलावर औऱ शमशाद को मनीमाजरा स्थित नगर निगम दफ्तर के सामने सुबह 9 बजे फूल माला पहनाकर बैठाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय भजनी ने कहा कि लोगों को पानी जैसी मूलभूत जरूरत वाजिब दाम पर हासिल करने के लिए कोरोनाकाल में महामारी के संकट के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर आवाज उठानी पड़ रही है लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन व नगर निगम महंगे पानी के मुद्दे पर गूंगे-बहरे व अंधे बनकर बैठे हुए हैं।

भाजपा जनविरोधी पार्टीः अजय जोशी

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सचिव रजनी तलवार व पूर्व जिला अध्यक्ष अजय जोशी ने भी पहुंचकर धरने में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। जोशी ने कहा कि नगर निगम लोगों से पानी के तीन गुना अधिक बिल वसूल रहा है। कोरोनाकाल में भी निगम व चंडीगढ़ प्रशासन लोगों को राहत देने के लिए तैयार नहीं है। यह लोगों के साथ भारी अन्याय है। पानी के भारी-भरकम बिलों से लोग काफी परेशान हैं। जोशी ने कहा कि बीजेपी जन विरोधी पार्टी है। यह अब चंडीगढ़ ही नहीं, पूरा देश जान चुका है।

error: Content can\\\'t be selected!!