शिवलिंग है शिव का साक्षात स्वरूपः जानिए किस सामग्री से अभिषेक करने का क्या होता है फल

सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय माह है। मान्यता है कि इस महीने में अपने भक्त पर भगवान भोलेनाथ विशेष कृपा करते हैं। संक्षिप्त पूजा-अर्चना से ही प्रसन्न हो जाने वाले भगवान शिव का सावन के महीने में अभिषेक विशेष फलदायी होता है। इसलिए भक्त इस महीने शिवलिंग का विभिन्न तरीकों से अभिषेक करते हैं। क्योंकि शिवलिंग को भगवान शिव का साक्षात स्वरूप और शिवलिंग के दर्शन को स्वयं महादेव का दर्शन माना जाता है।

शिव आराधना की सबसे महत्वपूर्ण पूजा विधि रुद्राभिषेक है। रुद्र अर्थात भूतभावन शिव का अभिषेक। शिव और रुद्र परस्पर एक-दूसरे के पर्यायवाची हैं। शिव को ही ‘रुद्र’ कहा जाता है, क्योंकि रुतम्-दु:खम्, द्रावयति-नाशयतीतिरुद्र: यानी कि भगवान भोलेनाथ सभी दु:खों को नष्ट कर देते हैं।

धर्मग्रंथों के अनुसार हमारे द्वारा किए गए पाप ही हमारे दु:खों का कारण हैं। रुद्रार्चन और रुद्राभिषेक से हमारी कुंडली से पातक कर्म एवं महापातक भी जलकर भस्म हो जाते हैं और साधक में शिवत्व का उदय होता है तथा भगवान शिव का शुभाशीर्वाद भक्त को प्राप्त होता है। उसके सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। ऐसा कहा जाता है कि एकमात्र सदाशिव रुद्र के पूजन से सभी देवताओं की पूजा स्वत: हो जाती है।

रुद्रहृदयोपनिषद में शिव के बारे में कहा गया है कि सर्वदेवात्मको रुद्र: सर्वे देवा: शिवात्मका अर्थात सभी देवताओं की आत्मा में रुद्र उपस्थित हैं और सभी देवता रुद्र की आत्मा हैं। साधारण रूप से भगवान शिव का अभिषेक जल या गंगाजल से होता है परंतु विशेष अवसर व विशेष मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए दूध, दही, घी, शक्कर, शहद, चंदन, गन्ने के रस, नारियल पानी, हल्दी, विभूति और नींबू रस आदि सामग्रियों से महादेव के अभिषेक की विधि प्रचिलत है। अभिषेक के दौरान भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र ॐ नमः शिवाय: का जप बहुत लाभदायक होता है। आइये अब चर्चा करते हैं कि किस सामग्री से अभिषेक करने पर महादेव से क्या फल मिलता है…

  • जल से मानसिक शान्ति व सकारात्मक सोच
  • दूध से अच्छा स्वास्थ्य व लम्बी आयु
  • दही से संतान, मकान व वाहन
  • घी से बीमारियों से छुटकारा व मोक्ष
  • शक्कर व सरसों के तेल से शत्रुओं से छुटकारा
  • शहद से हर प्रकार के दुख व समस्या से छुटकारा
  • मीठे दूध से तीव्र बुद्धि
  • चंदन से अच्छा स्वास्थ्य व अच्छा भाग्य
  • गन्ने के रस से धन व ऐश्वर्य
  • नारियल पानी से परिवार का अच्छा स्वास्थ्य
  • हल्दी से बीमारियों से छुटकारा
  • विभूति से अच्छी नौकरी
  • नींबू रस से मृत्यु भय से छुटकारा

प्रतिभा ए शर्मा, आध्यात्मिक काउंसलर, फोन: 8433989666/9819026552

error: Content can\\\'t be selected!!