Seva Pakhwada: सातवें दिन चंडीगढ़ भाजपा ने प्लाजा-17 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर लगाई प्रदर्शनी

नरेंद्र मोदी भारत के सच्चे सपूत और श्रेष्ठ भारत के शिल्पकार हैंः अरुण सूद

PM Modi’s birthday celebration CHANDIGARH, 23 SEPTEMBER: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में भाजपा द्वारा 17 सितम्बर से शुरू किए गए सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आज सातवें दिन चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर एक प्रदर्शनी लगाई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से संबंधित मुख्य घटनाओं व उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद व अन्य।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रदर्शनी संयोजक एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकिशोर, कार्यालय सचिव गजेन्द्र शर्मा, सह कोषाध्यक्ष अमित जिंदल, उपमहापौर अनूप गुप्ता, पार्षद जसमानप्रीत सिंह, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, अनिल दुबे, जिलाध्यक्ष मन्नू भसीन, जतिन्दर मल्होत्रा आदि सहित बड़ी संख्या में जिला, मोर्चा व मण्डलों के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत माता के सच्चे सपूत हैं। श्रेष्ठ भारत के शिल्पकार हैं। उनके नेतृत्व में बीते 8 वर्षों में जनता ने भारत में जिस नए भारत की रचना होते देखी है उससे यह साबित होता है कि पीएम मोदी ही सच्चे अर्थों में सभी की जनाकांक्षाओं के प्रतिबिंब व भारतीयता के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता हैं।

अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सबके लिए अनुकरणीय है। गुजरात के सीएम से लेकर प्रधानमंत्री तक की यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना कोई अवकाश लिए कार्य कर रहे हैं। उनका गुजरात मॉडल और तत्पश्चात देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा सभी भारतवासियों के लिए अनुकरणीय है। सूद ने कहा कि विकास, सुशासन तथा सेवा ही उनका मॉडल बन गया है। आज हम सब ऐसे प्रधानमंत्री मोदी को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी मोदी के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए लगाई गई है। इस प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं तथा आम जनता ने अवलोकन किया।

error: Content can\\\'t be selected!!