संदीप भारद्वाज बने AAP के उपाध्यक्ष, यादविंदर मेहता को मिली महासचिव की जिम्मेदारी

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में अपने संगठन को और मजबूत करने के लिए आज नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने वरिष्ठ नेता संदीप भारद्वाज को अहम जिम्मेदारी देते हुए उपाध्यक्ष बनाया है। भारद्वाज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में जनरल सेक्रेटरी थे और 2016 में कांग्रेस से नगर निगम पार्षद का चुनाव लड़ा था। दो महीने पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी। भारद्वाज पिछले कई सालों से शहर की राजनीति में सक्रिय हैं और अक्सर प्रशासन व भाजपा के खिलाफ आवाज उठाते रहते हैं। भारद्वाज ने शहर की हाउसिंग सोसायटीज की समस्याओं पर भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।  

उनके अलावा वरिष्ठ नेता यादविंदर मेहता को आम आदमी पार्टी का चंडीगढ़ प्रदेश महासचिव बनाया गया है। वे कांग्रेस में सेक्रेटरी की पोस्ट पर थे। उन्होंने भी पिछले महीने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। वहीं, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकीं अनीता शर्मा को आम आदमी पार्टी ने अपनी महिला विंग का अध्यक्ष बनाया है, जबकि कमलेश चौधरी को जनरल सेक्रेटरी की पोस्ट दी गई है। ये दोनों महिला नेता भी कांग्रेस की गतिविधियों में सक्रिय रहती थीं।बता दें कि पिछले दाे महीने में आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में काफी विस्तार कर लिया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चंडीगढ़ के मेयर रहे प्रदीप छाबड़ा के जुड़ने के बाद कांग्रेस और भाजपा के कई नेता आम आदमी पार्टी से जुड़ चुके हैं। अब पार्टी ने नगर निगम चुनाव काे देखते हुए संगठन के पुनर्गठन का काम शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने पिछले महीने अपनी चंडीगढ़ प्रदेश इकाई की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद नए सदस्यों को जोड़ा गया और अब पार्टी का नए सिरे से गठन किया जा रहा है। वहीं, पार्टी ने शहर में अपनी गतिविधियां भी बढ़ा दी हैं। पार्टी ने अब घर-घर जाकर सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी  ने शहर में फ्री पानी और पार्किंग सर्विस देने का दांव खेला है और इसी मुद्दे पर शहर की सभी नगर निगम सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

आप की नई कार्यकारिणी में इनको भी मिली जिम्मेदारी

नई कार्यकारिणी में बिक्रम धवन को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, विजयपाल सिंह को जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन एंड एडमिनिस्ट्रेशन), नरेश गर्ग, कौशल सिंह को वाइस प्रेसिडेंट, विक्रम पुंडीर को जनरल सेक्रेटरी चुना गया है। महिला विंग में कामता धमेजा को वाइस प्रेसिडेंट और ममता कैंथ को सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। 

error: Content can\\\'t be selected!!