रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन 6 दिसम्‍बर को आएंगे भारत, PM Modi से करेंगे मुलाकात

NEW DELHI: रूस के राष्‍ट्रपति (President of Russia) व्‍लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) आधिकारिक यात्रा पर भारत आ रहे हैं। आगामी 6 दिसम्‍बर को वे भारत आएंगे। इस दौरान वे पीएम मोदी (PM Modi) के साथ 21वें भारत रूस वार्षिक शिखर सम्‍मेलन में शामिल लेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने दी जानकारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिदंम बागची ने इस संबंध में मीडिया को बताया कि दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और रणनीतिक भागीदारी और मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।

अरिदंम बागची ने आगे जोड़ते हुए कहा कि पिछली भारत-रूस शिखर बैठक सितम्‍बर 2019 में रूस में हुई थी। वहीं वर्ष 2020 में कोविड महामारी के कारण बैठक नहीं हो सकी थी। प्रवक्‍ता ने बताया कि नवम्‍बर 2019 में ब्राजिलिया में ब्रिक्‍स शिखर सम्‍मेलन के अवसर पर मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बैठक होगी।

पहला टू-प्‍लस-टू संवाद अगले महीने

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने यह भी बताया कि भारत और रूस के बीच पहला टू-प्‍लस-टू संवाद अगले महीने की छह तारीख को होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर इस संवाद में भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे, जबकि रूस की ओर से विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और रक्षा मंत्री सर्गेई सोइग्‍यू भाग लेंगे।

वर्ष 2021 में व्लादिमिर पुतिन की यह दूसरी विदेश यात्रा होगी। शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पुतिन आखिरी बार 2018 में आए थे। इसी दौरान S-400 डील पर दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। ~PBNS

error: Content can\\\'t be selected!!