बारिश का कहरः हिमाचल व उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही का मंजर, कई लोग हताहत

cloud burst: CHANDIGARH, 20 AUGUST: इस बार के मानसून सीजन में बारिश ने पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कहर बरपा रखा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तो भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश में अब तक तीन बच्चों सहित 13 की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड में चार लोगों की मौत हो गई है। दोनों राज्यों के कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड में देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। हिमाचल प्रदेश में मंडी और चंबा जिले में बादल फटा है। बादल फटने से कई लोग मलबे में दब गए। एक बच्ची का शव मिला है, जबकि 15 से 20 लोग बह गए हैं। कई गाडिय़ां भी बह गई हैं। चंबा में भूस्खलन से मां-बेटे सहित तीन से चार लोग मलबे के नीचे दब गए। तीन लोगों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में भारी बरसात से रेलवे चक्की पुल रात को बह गया। भारी बारिश को देखते हुए चंबा, मंडी के बाद कांगड़ा और कुल्लू जिले में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और कल दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में भी गंगा और यमुना नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। यूपी के कई शहरों बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं।

मंडी जिले के बागी में बादल फटा
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंडी-कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी कहर बरपाया है। यहां बाढ़ की चपेट में आने से एक पूरा परिवार लापता हो गया है। राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों को एक बच्ची का शव मिला है, जबकि अन्य 5 लोग लापता हैं। बादल फटने के बाद रात बागी से पुराने कटौला तक दर्जनों परिवारों ने अपने घर छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर रात बिताई है। बागी नाले पर बनाया पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह कस्बे थुनाग बाजार में भी नाले की बाढ़ ने दर्जनों दुकानों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। थुनाग बाजार में भी भारी तबाही हुई है।

मंडी के गोहर में हादसा, पंचायत प्रधान समेत परिवार के आठ लोग दबे
मंडी जिले के गोहर विकास खंड के अंतर्गत काशण में भयंकर भूस्खलन से पंचायत प्रधान खेम सिंह का घर जमींदोज़ हो गया है। बताया जाता है कि मकान के अंदर खेम सिंह सहित परिवार के आठ लोग दबे हैं। इस समय स्थानीय लोग स्वयं जमींदोज हुए मकान के लिंटर को तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भयंकर मलबे के आगे उनकी एक नहीं चल रही। हालांकि प्रशासन की ओर से तहसीलदार दल-बल सहित घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं, लेकिन सड़क अवरुद्ध होने से चलते वह मौका पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान ने बताया कि वह ग्रामीणों के सहयोग से लिंटर तोडऩे का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकान के पहली मंजिल में लिंटर और दूसरी मंजिल में चादरें डाली गई थी।

मंडी-पठानकोट हाईवे पर भूस्खलन
मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे जगह-जगह पर भूस्खलन से बंद हो गया है। सैकड़ों यात्री जाम में फंसे हैं। कोटरोपी के पास पहाड़ी दरकने से हृ॥ की सड़क का नामोनिशां मिट गया है। कोटरोपी में इस बार जोगेंद्रनगर की तरफ को नाले के ऊपर की पहाड़ी ने कहर मचाया है। यहां स्थानीय ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन और दर्जनों पेड़ मलबे में समा गए हैं। जानमाल का कोई नुकसान नही है। पहाड़ी का सारा मलबा नीचे आने से सास्ती गांव में अफरातफरी मच गई है। उपमंडल के सभी राजमार्ग बंद हैं।

चंबा में मलबे में दबने से दंपति और बेटे की मौत
चंबा जिले में भारी बारिश से दीवार तोड़कर मकान में मलबा घुस गया, जिससे तीन लोग लापता हो गए। ग्रामीण और प्रशासनिक टीमें लापता पति, पत्नी और बेटे के शव बरामद कर लिए हैं। भटियात क्षेत्र की बनेट पंचायत के जुलाडा वार्ड नंबर एक में बारिश ने तबाही मचाई है। देर रात दो बजे की घटना बताई जा रही है। पति-पत्नी और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी भेज दिया गया है।

कांगड़ा में चक्की नदी पर बना रेलवे पुल बहा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भारी बारिश से आई बाढ़ के चलते रेलवे का चक्की पुल शनिवार को बह गया है। कांगड़ा के एडीएम रोहित राठौर ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि पुल में दरारें आने के कारण डेढ़ हफ्ता पहले रेल सेवा बंद कर दी थी। नदी का जलस्तर अभी कम नहीं हुआ है। डीहार पंचायत के डोल गदयाडा गां में बैजनाथ-सरकाघाट सड़क भी बह गई है। कांगड़ा जिले में भूस्खलन से बगली स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हो गया है।

शिमला में आरटीओ ऑफिस के पास भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आरटीओ ऑफिस के पास भू स्खलन होने से सड़क का अधिकतर हिस्सा धंस गया है, जिससे यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हो रही है। यातायात एक तरफा चलाया हुआ है। यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए शिमला यातायात पुलिस ने सहयोग की अपील की है। शिमला यातायात पुलिस आप सभी से अपील भी करती है की आप उपरोक्त स्थान से गुजरते हुए बिलकुल सावधानी पूर्वक ही इस स्थान को पार करें। वहीं, ठिगोग में पेट्रोल पंप पर चट्टान गिर गई है। फागू सड़क पर वाहन पर चट्टान गिरी है। गिरी और गुम्मा से शहर के लिए पानी की सप्लाई ठप हो गई है।

कांगड़ा और कुल्लू के स्कूलों में छुट्टी घोषित
कांगड़ा जिले में आज स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। लगातार बारिश को देखते हुए पूरे कुल्लू जिले में आंगनबाडी केंद्रों समेत सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने दिया है।

देहरादून में कई जगह बादल फटा
उत्तराखंड के कई जिलों में आज तड़के हुई बारिश भारी तबाही लेकर आई। देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। जिलाधिकारी सोनिका के मुताबिक आपदा में पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबकि तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कीर्तिनगर क्षेत्र में सुबह 7 बजे ग्राम कोठार में 14-15 कमरों का आवासीय भवन भूस्खलन होने से मलबे में दब गया है। जिससे 80 वर्षीय बचनी देवी दब गई है। आपदा में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है । आपदा में लापता लोगों की खोजबीन को लेकर एनडीआरएफ और एसटीएफ के लगातार अभियान चला रहे हैं।

नदी पर बना पुल ध्वस्त
बादल फटने के कारण नदी एवं कुवा खाला में अत्यधिक पानी आने से ग्राम सरखेत में कुछ मकानों में पानी घुस आया। वहीं शहर में टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद तमसा नदी उफान पर है। मंदिर के भीतर पानी घुस गया है। टपकेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी दिगंबर भरत गिरि ने कहा कि हम प्रार्थना करते हैं कि कोई जान-माल का नुकसान न हो। नदी पर एक पुल था जो पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। भारी बारिश से सोंग, जाखन और सुसवा नदी पूरे उफान पर आ गई हैं। नदी किनारे रहने वालों को दूसरे स्थान पर भेजने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है। राजीव नगर केशव पुरी सॉन्ग नदी से नदी का पानी आबादी तक पहुंच रहा है। हालांकि अभी कोई नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सुसवा नदी के तेज बहाव से भूमि का कटाव भी हो रहा है।

यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह मलबा आने से बंद
यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में रातभर बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे धरासू बैंड सहित जगह-जगह मलबा बोल्डर आने से बंद हो गया है। लगातार बारिश के कारण हाईवे खोलने में दिक्कत हो रही है रातभर बारिश के कारण यमुना नदी के साथ ही सहायक नदी नाले उफान पर आ गए हैं। बड़कोट, बनाल, ठकराल पट्टी के करीब 45 गांवों की लाइफ लाइन बड़कोट तिलाडी सड़क धंसने से आवाजाही बाधित हो गई है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे तीन धारा के पास भी बड़ा पत्थर आने से बंद हो गया है। इसके अतिरिक्त बचेली खाल रोली धार और दो जगह तोता घाटी पर मार्ग बंद है। नरेंद्रनगर के समीप भी ऋषिकेश गंगोत्री हाईवे यातायात के लिए बाधित हो गया है। चट्टान से हुए भूस्खलन से हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!