पंजाब पुलिस ने सोपू प्रधान गुरलाल बराड़ की गोली मारकर हत्या करने वाले बम्बीहा गैंग के मुख्य शूटर को किया गिरफ्तार

गुरलाल बराड़ के कत्ल के कारण ही बम्बीहा गैंग और लारेंस विश्नोई गैंग के बीच रंजिश शुरू हुई
पांच कत्लों को अंजाम देने वाला गैंगस्टर नीरज चसका 2019 से था फरार: डीजीपी पंजाब

CHANDIGARH, 29 SEPTEMBER: पंजाब पुलिस ने जम्मू से दविन्दर बम्बीहा गैंग के वांछित शूटर नीरज चसका को सोपू (एसओपीयू) के प्रधान गुरलाल बराड़ के सनसनीखेज कत्ल समेत कई कत्लों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी आज यहां डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी। 

गुरलाल बराड़, जो कैनेडा आधारित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नजदीकी रिश्तेदार था, के कत्ल के कारण दविन्दर बम्बीहा गैंग और लारेंस विश्नोई गैंग के बीच आपसी दुश्मनी शुरू हो गई थी, जिसके नतीजे के तौर पर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ( एनसीआर) दिल्ली में कत्ल की चरणबद्ध ढंग से घटनाएं हुईं। गुरलाल बराड़ की अक्तूबर 2020 में चंडीगढ़ में एक नाइट क्लब के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

गिरफ़्तार किया गया गैंगस्टर नीरज उर्फ चसका फरीदकोट के जैतो का रहने वाला है और बम्बीहा गैंग का मुख्य शूटर है, जो विदेश में रह रहे वांटेड गैंगस्टर गौरव उर्फ लक्की पटियाल के इशारे पर काम कर रहा है। सितम्बर-2016 में गैंगस्टर दविन्दर बम्बीहा को पंजाब पुलिस द्वारा मारे जाने के बाद पटियाल बम्बीहा गैंग का मुख्य हैंडलर है। नीरज 2019 से फरार था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ख़ुफिया जानकारी मिलने के उपरांत की गई कार्रवाई के दौरान पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की टीम ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल करके नीरज उर्फ चसका को जम्मू के सांबा जि़ले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर और .32 बोर के दो विदेशी पिस्तौलों समेत 17 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। 

उन्होंने बताया कि गुरलाल के कत्ल के अलावा नीरज अगस्त 2019 में फिऱोजपुर जेल में बंद अमना जैतो के निर्देशों पर फरीदकोट जिले के कस्बा जैतो में कत्ल हुए कबड्डी खिलाड़ी मनी के कत्ल समेत कम से कम चार और कत्ल में प्रत्यक्ष तौर पर शामिल रहा है। इसके साथ ही उसका नाम मार्च 2021 में अम्बाला में प्रदीप उर्फ पंजा और राहुल की हत्या के दोहरे कत्ल केस के साथ भी जुड़ा हुआ है।

डीजीपी ने बताया कि नीरज चसका ने अपने साथियों के साथ मिलकर मार्च 2020 में चंडीगढ़ के सैक्टर-38 में सुरजीत बाऊंसर का कत्ल भी किया था, जिसके बाद दविन्दर बम्बीहा ग्रुप ने फेसबुक पर इस कत्ल की जि़म्मेदारी लेते हुए दावा किया था कि बाऊंसर अमित शर्मा की सकेतड़ी में हुई हत्या का बदला लेने के लिए सुरजीत बाऊंसर को मारा गया है। यादव ने कहा कि नीरज उर्फ चसका से आगे पूछताछ के उपरांत बम्बीहा गैंग की और गतिविधियों और योजनाओं का खुलासा होगा। पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लारेंस विश्नोई और उसके कई साथियों से पूछताछ में पता लगा है कि गुरलाल बराड़ की हत्या में शामिल होने के कारण नीरज उर्फ चसका लारेंस विश्नोई गैंग की टॉप हिटलिस्ट में था।  

error: Content can\\\'t be selected!!