चंडीगढ़ में AAP की जीत के ‘हीरो’ रहे प्रदीप छाबड़ा कल संभालेंगे पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन का कार्यभार

Pradeep Chhabra will take charge of the chairman tomorrow CHANDIGARH, 26 MARCH: चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (AAP) को जीरो से हीरो बना देने वाले पार्टी के पूर्व सह-प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा कल यानी सोमवार को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन का कार्यभार संभालने जा रहे हैं। पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गत 12 जनवरी को प्रदीप छाबड़ा को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन बनाकर इनाम के तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के नेतृत्व वाली AAP की पंजाब सरकार से जुड़ी प्रमुख हस्तियों में शामिल किया। बता दें कि पंजाब सरकार के अधीन चंडीगढ़ से किसी भी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता की यह पहली नियुक्ति है। इससे चंडीगढ़ के AAP कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।

नगर निगम चुनाव-2021 में छाबड़ा ने दिखाया था अपने सियासी कौशल का करिश्मा
प्रदीप छाबड़ा फरवरी-2021 तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे लेकिन इस पद से हटने के बाद स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व की उपेक्षापूर्ण कार्यशैली से नाराज होकर छाबड़ा ने कांग्रेस छोड़ दी थी और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की नीतियों से प्रभावित होकर वह उनके नेतृत्व में AAP में शामिल हो गए थे। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 के ऐन पहले प्रदीप छाबड़ा के इस अप्रत्याशित कदम ने चंडीगढ़ की राजनीति को 360 डिग्री घुमा दिया था। छाबड़ा के राजनीतिक कौशल पर पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को इस कदर भरोसा हो गया कि AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनाव में पहली बार सभी 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला कर दिया था, जबकि छाबड़ा की पार्टी में एंट्री से पहले AAP चंडीगढ़ में सभी सीटों पर निगम चुनाव लडऩे को पंजाब के परिपेक्ष्य में सियासी तौर पर रिस्की मान रही थी, क्योंकि तब चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी सांगठनिक रूप से भी बहुत कमजोर थी लेकिन प्रदीप छाबड़ा ने एक महीने के भीतर ही अपने सियासी कौशल से न केवल आम आदमी पार्टी को संगठन के तौर पर मजबूत कर दिया, बल्कि नगर निगम चुनाव में पहली बार में ही कुल 35 सीटों में से सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतकर AAP शहर में सबसे बड़ी पार्टी बन गई, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा 12 और कांग्रेस 8 सीटों पर सिमट गई थी। शिरोमणि अकाली दल अपनी एक सीट बचाने में कामयाब रहा था। यह बात अलग है कि पार्षदों की तोड़फोड़ और जोड़-तोड़ के पैंतरे से भाजपा दो साल से अपना मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाती आ रही है लेकिन चंडीगढ़ नगर निगम के आम चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार जीत ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP में चौगुना जोश भर दिया था। तब खुद अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने चंडीगढ़ की जनता के बीच घोषणा कर दी थी कि पंजाब की राजधानी में मिली यह जीत पंजाब चुनाव को फतेह करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

निगम चुनाव में शानदार सफलता के लिए छाबड़ा की भूमिका को सार्वजनिक मान्यता
यही नहीं, देशभर में किसी भी स्थानीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की विजय की शुरुआत चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 से ही हुई थी, जिसकी गूंज पिछले दिनों दिल्ली नगर निगम (DMC) चुनाव में भी सुनी गई थी, जिसमें AAP ने पहली बार स्पष्ट बहुमत हासिल किया। माना जा रहा है कि पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन पद पर प्रदीप छाबड़ा की नियुक्ति के रूप में पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP को मिली शानदार सफलता में छाबड़ा की बड़ी भूमिका को ही सार्वजनिक मान्यता दी है। हालांकि पार्टी के भीतर और चंडीगढ़ के राजनीतिक गलियारों में निगम चुनाव के रिजल्ट के तुरंत बाद से ही छाबड़ा के सियासी कौशल का लोहा मान लिया गया था।

35 साल से भी ज्यादा है राजनीतिक अनुभव

पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा का राजनीतिक अनुभव 35 साल से भी ज्यादा का है। इसमें सबसे ज्यादा लंबे वक्त वह कांग्रेस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे। तीन बार लगातार पार्षद और इस बीच चंडीगढ़ के मेयर भी रहे। 2015 में उन्हें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर वह लगातार 6 साल रहे। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उन्हें AAP का सह-प्रभारी नियुक्त कर पार्टी में उनका कद पहले ही महत्वपूर्ण कर दिया था।

सोमवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे संभालेंगे कार्यभार

पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा कल यानी सोमवार को सुबह 11.30 बजे अपना नया कार्यभार संभालेंगे। उनका पदग्रहण समारोह सेक्टर-17 चंडीगढ़ स्थित पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट बोर्ड के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदीप छाबड़ा के समर्थक व पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर पंजाब सरकार के कई मंत्री तथा आम आदमी पार्टी पंजाब के कई नेताओं के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

error: Content can\\\'t be selected!!