प्रदीप छाबड़ा ने पंजाब में चेयरमैन नियुक्त होने के बाद सीएम भगवंत मान से की मुलाकात

केजरीवाल और मान समेत AAP की समूची लीडरशिप का जताया आभार, छाबड़ा के घर लगा बधाइयों का तांता

CHANDIGARH, 12 JANUARY: पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त होने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने देर शाम पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलकर इस नियुक्ति के लिए मान का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छाबड़ा के साथ आम आदमी पार्टी के पंजाब व चंडीगढ़ प्रभारी तथा दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता, कार्यकर्ता और छाबड़ा के समर्थक भी मौजूद थे।

बता दें कि प्रदीप छाबड़ा को आज ही पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी शाम को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद ट्वीट करके दी। इसके बाद छाबड़ा को बधाई देने के लिए सेक्टर-22 स्थित उनके आवास पर आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा छाबड़ा समर्थकों का तांता लग गया। लोगों ने प्रदीप छाबड़ा को बुके देकर और फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। साथ ही ढोल की थाप पर जमकर थिरके। यहां यह भी बता दें कि प्रदीप छाबड़ा की इस नियुक्ति को दिसंबर-2021 में हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार सफलता के श्रेय के रूप में भी देखा जा रहा है।

इस मौके पर प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो सम्मान और स्थान दिया है, उसके लिए वह पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के हर दिल अजीज मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत पार्टी की समूची केंद्रीय और स्थानीय लीडरशिप का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अकेले उनका (प्रदीप छाबड़ा) का नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के हर उस आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता का सम्मान है, जिसने चंडीगढ़ में पार्टी को मजबूत करने में हर कदम साथ दिया और पूरी निष्ठा से मेहनत की। छाबड़ा ने कहा कि वह विश्वास दिलाते हैं कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी तन देही और ईमानदारी से निभाएंगे। छाबड़ा ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति आम आदमी पार्टी की जीरो टॉलरेंस की नीति को आगे बढ़ाते हुए वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की लोक हितैषी सोच के अनुसार अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!