भगवान महावीर के मूल मंत्रों से ही संसार में शांति, अमन, चैन व भाईचारा कायम रह सकता हैः कैलाश चंद जैन

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर सभी को दी बधाई, कहा-जियो और जीने दो का संदेश सदैव सार्थक

CHANDIGARH, 3 APRIL: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश प्रवक्ता एवं उद्योग व्यापार मंडल (UVM) चंडीगढ़ के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने सभी को जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महावीर जयंती की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में कैलाश चंद जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने आज से लगभग 2600 वर्ष पूर्व अहिंसा का पाठ पढ़ाते हुए जियो और जीने दो का मंत्र दिया था, जिस पर चलकर पूरे विश्व में शांति व भाईचारा कायम किया जा सकता है। भगवान महावीर के द्वारा दिए गए पांच महाव्रत सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, ब्रह्मचर्य, ओचार्य आज भी पूरी तरह से तर्कसंगत है। कैलाश जैन ने कहा कि भगवान महावीर ने किसी भी प्रकार की हिंसा न करने को कहा। यहां तक कि भाव हिंसा को भी मना किया है। उन्होंने कहा था कि पेड़ पौधों में भी जान होती है। लगभग 2600 वर्ष पूर्व कही गई इस बात को आज वैज्ञानिक व पर्यावरणविद भी मानते हैं और पेड़-पौधों को बचाने की बात करते हैं। यही बात भगवान महावीर स्वामी ने लगभग 2600 वर्ष पूर्व कही थी।

कैलाश चंद जैन ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश था कि इस लोक में जितने भी जीव हैं, एक, दो, तीन, चार, पांच व छह इंद्रिय जीव की रक्षा करनी चाहिए। उनको पथ पर जाने से नहीं रोकना चाहिए। उनके प्रति अपने मन में दया भाव रखना ही अहिंसा है। कैलाश जैन ने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा सजीव या निर्जीव वस्तुओं का आवश्यकता से अधिक संग्रह करना परिग्रह है, जबकि किसी प्रकार के संग्रह न करने को अपरिग्रह कहते है। परिग्रह से हम अपने आप को दुखों व तनावों से भर देते हैं, जबकि अपरिग्रह से सदा सुखी रहते हैं व दूसरे व्यक्ति का हक भी नहीं मारते।

कैलाश जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने ब्रह्मचर्य के बारे में अपने बहुत ही अमूल्य उपदेश दिए हैं कि ब्रह्मचर्य उत्तम तपस्या, नियम, ज्ञान, दर्शन, चरित्र, संयम और विनय की जड़ है। जब मनुष्य स्वयं सब जीवों से क्षमा चाहता है और दूसरे सब जीवों को क्षमा करने का पालन करता है तो हृदय परिवर्तन होता है और संसार में किसी प्रकार के झगड़े नहीं रहते।
धर्म सबसे उत्तम है। अहिंसा, संयम और तप ही धर्म है। जिसके मन में हमेशा धर्म रहता है, उसे देवता भी नमस्कार करते हैं।
कैलाश जैन ने कहा कि भगवान महावीर द्वारा दिए गए इन पांचों मंत्रों को जीवन में धारण करके ही मनुष्य भगवान को प्राप्त कर सकता है तथा इन्हीं मूल मंत्रों से संसार में शांति, अमन, चैन तथा भाईचारा कायम रह सकता है।

error: Content can\\\'t be selected!!