आकर्षण का केंद्र बना पंचकूला का मकान नंबर 481/7ः जन्मदिन पर मोदी के कटआउट के साथ सेल्फी लेते रहे लोग, मनसा देवी से कलश लेकर पहुंचीं 31 महिलाएं

PANCHKULA: नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से सुर्खियों में आया पंचकूला के सेक्टर-7 स्थित मकान नंबर 481 आज दिनभर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मोदी के 71वें जन्मदिवस पर इस मकान को इसके मालिक व पीएम मोदी के मित्र ने मोदीमय कर दिया। यहां रखा गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बड़ा कटआउट देखकर हर कोई चौंक गया। इसे देखकर लग रहा था मानो खुद मोदी यहां खड़े होकर हर आगंतुक का स्वागत कर रहे हैं। लिहाजा, लोगों में इस मकान के आगे मोदी के कटआउट के साथ तस्वीर व सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।

पंचकूला के सेक्टर-7 स्थित मकान नंबर 481 में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दरअसल, गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी जब चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी थे तो मोदी पंचकूला के इसी मकान में रहते थे। लिहाजा, उनके हर जन्मदिन पर इस मकान को खास तरीके से सजाया जाता है।

भाजपा महिला मोर्चा के माता मनसा देवी मंडल की प्रवक्ता एवं वरिष्ठ साहित्यकार नीलम त्रिखा ने बताया कि आज इस अवसर पर सेक्टर-7 के इस मकान में ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया गया, जिसमें रक्तदान के लिए लोगों ने खासा उत्साह दिखाया। इसके अलावा उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर से 31 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। यह कलश यात्रा सेक्टर-7 के इसी मकान नंबर 481 में पहुंचकर संपन्न हुई।

इस मौके पर सभी ने एक-दूसरे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई दी और मोदी की दार्घायु की कामना की। सेक्टर-7 के पूर्व पार्षद सीबी गोयल ने बताया कि आज यहां पर उत्सव का माहौल रहा। इस दौरान हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद रतनलाल कटारिया, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, जिला प्रभारी डॉ. संजय शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वैशाली कंसल, भाजपा के माता मनसा देवी मंडल अध्यक्ष युवराज कौशिक, भाजपा महिला मोर्चा के माता मनसा देवी मंडल की अध्यक्ष नीलम टटवालिया, उपाध्यक्ष यशोदा, रितु मोंगा, शशि वर्मा, नीरू गोयल, महामंत्री उमा आनंद, दीप्ति शर्मा, मंत्री तेतरी देवी, रेणु सिंह, उषा यादव, कोषाध्यक्ष पूनम बेनीवाल के अलावा वरिष्ठ साहित्यकार मणि शर्मा समेत भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!