पद्मश्री डॉ. हरमहेंद्र सिंह बेदी ने ‘शिखर की ओर’ काव्य संग्रह का किया विमोचन

पंजाब विश्वविद्यालय के आईसीएसएसआर सभागार में हुआ कार्यक्रम, ट्राईसिटी के कई साहित्यकार रहे मौजूद

CHANDIGARH, 24 SEPTEMBER: प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. विनोद कुमार शर्मा का नवप्रकाशित काव्य संग्रह ‘शिखर की ओर’ का आज विमोचन संवाद साहित्य मंच के तत्वावधान में केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति एवं वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री डॉ. हरमहेंद्र सिंह बेदी ने पंजाब विश्वविद्यालय के आईसीएसएसआर सभागार में किया। डॉ. बेदी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह काव्य संग्रह लोगों को एक नई दिशा प्रदान करेगा। यह संग्रह आशावादी एवं प्रेरणादायक कविताओं से परिपूर्ण है।

इस मौके पर सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज ने शुभाशीष देते हुए कहा कि इस काव्य संग्रह में परिवार, समाज, परिवेश और व्यवस्था के साथ-साथ विचार और भाव की कविताएं हैं। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण एसोसिएशन के अध्यक्ष केके शारदा, भंडारी अदबी ट्रस्ट के चेयरमैन एवं जाने-माने शायर अशोक नादिर, राजेश शर्मा और मधु शर्मा ने भी बधाई देते हुुए कहा कि यह संग्रह भारतीय संस्कृति, संस्कार और मानवीय मूल्यों को लिए हुए है। अमेरिका से आईं विद्या धाम की अध्यक्ष डॉ. सरिता मेहता ने कहा कि यह काव्य संग्रह साहित्य के क्षेत्र को उच्चतम ऊंचाइयों तक ले जाने में एक मील का पत्थर साबित होगा। डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि उन्होंने काव्य संग्रह अपनी धर्मपत्नी अंजू मोदगिल को समर्पित किया है। इस काव्य संग्रह में कुल 48 रचनाएं हैं। इससे पूर्व उनका काव्य संग्रह बढ़ते कदम ही प्रकाशित हो चुका है, जिसे पाठकों ने बहुत सराहा था। इस मौके पर ट्राइसिटी के कई सुप्रसिद्ध साहित्यकार उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!