अब विदेशों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी भारतीय जनता पार्टी

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक जयपुर में हुई आयोजित
चंडीगढ़ से प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद व हिमाचल के सह प्रभारी संजय टंडन ने लिया हिस्सा

CHANDIGARH, 19 MAY: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक राजस्थान के जयपुर में आयोजित की गई, जिसमें चंडीगढ़ से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद व हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने हिस्सा लिया।

इस बैठक में पार्टी के सभी पदाधिकारियों, देशभर से सभी प्रदेशों के अध्यक्ष, सभी प्रदेशो के प्रभारी व सह प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के उदघाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपस्थित भाजपा नेताओं को संबोधित किया, जबकि समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अध्यक्षीय भाषण से हुआ।

चंडीगढ़ से यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि बैठक में हिमाचल प्रदेश व गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई व इसकी योजना पर विचार किया गया। इसके अलावा देशभर में जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगाने, मोदी सरकार के कार्यकाल के 8 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा सुशासन और गरीब कल्याण अभियान चलाए जाने तथा जन संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाने, बूथ सशक्तिकरण पर जोर देने, मन की बात कार्यक्रम आयोजित किए जाने तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने के बारे में चर्चा की गई व दिशा निर्देश दिए गए।

इनके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा विदेशी मामले विभाग का गठन किए जाने की घोषणा की व बताया कि अब पार्टी विदेशो में भी राजनीतिक पार्टियों से समन्वय बनाएगी तथा पूरी दुनिया में राजनीतिक पार्टियों के साथ मिलकर राजनीतिक गतिविधियों में पार्टी की हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!