मेरी सफलता के पीछे मेरी मां का हाथ है: मुख्यमंत्री मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में की शिरकत

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लगभग 500 महिलाओं को दिए पुरस्कार और नकद इनाम

CHANDIGARH, 10 MARCH: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नागरिकों से आह्वान किया कि हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि देश व प्रदेश में महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों को रोकेंगे, नारी का सम्मान बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश में महिलाओं को पूजनीय माना जाता है। मातृ देवो भव्, जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता वास करते हैं। इसलिए नारी की रक्षा व सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई महिलाओं को 154 पुरस्कार व नगद इनाम दिए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सफलता का सफरनामा नामक पुस्तक का भी विमोचन किया।

उन्होंने कहा कि ऐसा कहा जाता है कि हर सफल पुरूष के पीछे एक महिला का हाथ होता है। उन्होंने अपने जीवन का एक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब उन्होंने 10वीं पास कर आगे की पढ़ाई करने की इच्छा व्यक्त की तो उनके पिताजी ने इनकार दिया। उन्होंने अपनी माँ से कहा कि वे आगे पढ़ना चाहते हैं और उस दौर में माँ ने उन्‍हें 300 रुपये दिए, जिससे उन्होंने कॉलेज में दाखिला लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनकी माँ का ही हाथ है, यदि माँ ने वो पैसे न दिए होते तो शायद आज इस प्रकार यहां इस भूमिका में न खड़ा होता।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब देश–दुनिया में बिकेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद अब डिजिटल माध्यम से पूरे देश – दुनिया में बिकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने फ्लिपकार्ट कंपनी के साथ समझौता किया है। इससे महिलाओं की आमदनी में वृद्धि होगी, वहीं उनके उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ट्रेनिंग देने के लिए घरौंडा में 3.5 करोड़ रुपये की लागत से ट्रेनिंग सेंटर खोला गया है। ऐसे सेंटर राज्य के अन्य हिस्सों में भी खोले जाएंगे।

स्वयं सहायता समूह अंत्योदय परिवारों की महिलाओं को जोड़ कर उनके आर्थिक उत्थान में बनें भागीदार

मनोहर लाल ने कहा कि आज प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों की संख्या 56,434 है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से आग्रह किया कि परिवार पहचान पत्र के सत्यापित डाटा के अनुसार जिन परिवारों की आय 1 लाख रुपये से कम है, ऐसे परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाए, ताकि उन महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके और वे स्वाभिमान से अपना जीवनयापन कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वयं सहायता समूहों को 796 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।

महिला सशक्तिकरण पर दिया विशेष ध्यान

मनोहर लाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, चाहे शिक्षा हो, खेल हो, समाज सेवा हो, राजनीति हो या ज्ञान विज्ञान हो, महिलाएं आज पीछे नहीं है। हरियाणा के विकास में भी महिलाओं की अहम भागीदारी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की जगह इस दिवस को महिला सम्मान दिवस के रूप में मनाना चाहिए। वैसे तो हर दिन ही महिला सम्मान दिवस है। राज्य सरकार ने पंचायतों व नगर निकायों में महिलाओं का 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है। ऐसा शायद ही किसी प्रदेश में हो। इसके अलावा, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी सरकार विशेष कदम उठा रही है। पुलिस में महिलाओं की संख्या जो वर्ष 2014 में 6 प्रतिशत थी, वह आज 10 प्रतिशत हो गई है और आगामी समय में इस संख्या को 15 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। इतना ही नहीं, राशन डिपो आवंटन में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। महिला विरूद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए दुर्गा शक्ति एप, दुर्गा शक्ति वाहिनी व दुर्गा शक्ति रैपिड एक्‍शन फोर्स का गठन किया है। इसके अलावा, प्रदेश में 29 महिला थाने स्थापित किए हैं।

हरियाणा से मिटाया कन्या भ्रूण हत्या का कलंक

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को पहले कन्या भ्रूण हत्या के रूप में जाना जाता था। हरियाणा पर लगे इस कलंक को मिटाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2015 को पानीपत में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की। सरकार के साथ –साथ सामाजिक संस्थाओं, खाप पंचायतों, एनजीओ, शिक्षा विभाग व महिला बाल विकास विभाग, स्वास्‍थ्य विभाग ने अथक प्रयास किए। पुलिस ने भी कन्या भ्रूण हत्या के दोषियों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की, जिसके चलते आज प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार हुआ है। वर्ष 2014 में लिंगानुपात 1000 लड़कों पर 871 लड़कियों का था, जो आज बढ़कर 923 हो गया है।

महिला शिक्षा पर दिया विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महिला शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। पिछले 8 सालों में हर 20 किलोमीटर पर एक कॉलेज स्थापित किया है, ताकि लड़कियों को शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। हमने 72 कॉलेज स्थापित किए हैं, जिसमें से 31 कॉलेज केवल महिलाओं के ही हैं।

उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों के विकास व पोषण के लिए राज्य सरकार ने हरिहर योजना शुरू की है। इसके तहत अनाथालयों में बढ़े हुए बच्चों को 18 वर्ष के बाद 25 वर्ष की आयु तक सरकार द्वारा उनकी देखरेख की जाएगी। इतना ही नहीं, ग्रुप सी तथा डी में बिना परीक्षा व बिना इंटरव्यू के तुरंत नौकरी देंगे। इस योजना के तहत 2 बालकों को नौकरी दी जा चुकी है।

हरियाणा की महिलाओं ने लिखी विकास की नई इबारत- देवेंद्र बबली

इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओजस्वी नेतृत्व में हरियाणा की महिलाओं ने विकास की नई इबारत लिखी है। आज महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में घोषित किया गया है। स्वयं सहायता समूह द्वारा बाजरा की खेती और इसके मूल्य वर्धित उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कुल 5.78 करोड़ रुपये स्वयं सहायता समूहों को अनुदान राशि के रूप में दी गई है, जिससे प्रदेश की महिलाओं का विकास और उत्थान होगा।

 बबली ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत अंत्योदय परिवार को भी सहायता मुहैया कराने में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन प्रयासरत है तथा अन्य विभाग भी मिलकर ग्रामीण लोगों की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब तक राज्य के सभी जिलों में 5,79,958 परिवारों को 56,434 समूह से जोड़ा जा चुका है।

गर्व है कि मैं ऐसी सरकार का हिस्सा हूं, जो महिलाओं को अनुकूल माहौल देने के लिए अधिक से अधिक कदम उठा रही है- कमलेश ढांडा

महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर उन्हें यह कहते हुए बड़ा गर्व होता है कि वे ऐसी सरकार का हिस्सा हैं, जो महिलाओं को अनुकूल माहौल देने के लिए अधिक से अधिक कदम उठा रही है। महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वाभिमान, सम्मान और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल नारी सशक्तिकरण के संकल्प पर मजबूती से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री ने बेटियों को मान सम्मान दिलाने के लिए जो माहौल बनाया, आज उसके सुखद परिणाम दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले 8 साल में 72 नए कॉलेज खोले गए, जिसमें से 31 कॉलेज लड़कियों के हैं। इसके अलावा, महिला थाने स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में सांसद संजय भाटिया, विधायक हरविंद्र कल्याण, रामकुमार कश्यप, महिपाल ढांडा, धर्मपाल गोंदर, निर्मल चौधरी, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल मलिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती अमनीत पी कुमार और करनाल के उपायुक्त अनीश यादव सहित अन्य वरिष्ठ अतिथि मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!