नगर निगम चुनावः चंडीगढ़ में तेज हुई AAP की गतिविधियां, केंद्रीय ऑब्जर्वरों की टीम ने वार्डों में डाला डेरा, 28 दिन में 50 हजार से ज्यादा नए सदस्य जुड़े

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सभी 35 सीटों पर पूरे दमखम से उतरी आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोगों के बीच अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आम आदमी पार्टी ने शहर में अपने ऑब्जर्वरों की पूरी टीम भी उतार दी है। सीधे दिल्ली से नियुक्त की गई ऑब्जर्वरों की 7 सदस्यीय यह टीम सभी वार्डों में पार्टी की गतिविधियों, उम्मीदवारी के दावेदारों तथा चुनाव की तैयारियों की लगातार निगरानी करेगी। यही नहीं, 1 अक्तूबर से चंडीगढ़ में शुरू की गई आम आदमी पार्टी की मैंबरशिप ड्राइव के दौरान महीना खत्म होने से पहले ही 50 हजार से ज्यादा नए सदस्य आम आदमी पार्टी से जुड़ गए हैं।

दिल्ली से भेजे गए 7 ऑब्जर्वर, 5-5 वार्डों में लगाई ड्यूटी

बता दें कि आम आदमी पार्टी पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ रही है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी की केंद्रीय टीम को भी यहां उतारना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं की 7 सदस्यीय एक टीम को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त कर दिया गया है। प्रत्येक ऑब्जर्वर को 5 वार्ड दिए गए हैं। दिल्ली से भेजे गए यह ऑब्जर्वर अपने पांचों वार्डों में पार्टी की गतिविधियों, उम्मीदवारी के दावेदारों तथा चुनाव की तैयारियों की लगातार निगरानी करते हुए हर दिन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। इनमें आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेता मनी नायडू को वार्ड- 4, 16, 19, 28, 31, मनप्रीत सिंह को वार्ड- 2, 6, 10, 11, 12, अशोक मनु को वार्ड- 25, 27, 32, 34, 35, हर्ष जुलका को वार्ड-5, 26, 29, 30, 33, नरेश वार्ड- 13, 17, 18, 22, 23 तथा मोंटी कोचर वार्ड- 1, 8, 9, 14, 20 तथा सुभाष यादव को वार्ड- 3, 7, 15, 21, 24 का ऑब्जर्वर लगाया गया है। यह सातों ऑब्जर्वर नगर निगम चुनाव संपन्न होने तक चंडीगढ़ में ही रहेंगे।

प्रभारी जरनैल सिंह ने 1 अक्तूबर को लांच की थी मैंबरशिप ड्राइव

दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में अपना सदस्यता अभियान भी छेड़ रखा है। मैंबरशिप ड्राइव गत 1 अक्तूबर को आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह ने लांच किया था। पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने बताया कि अब तक 50 हजार से ज्यादा नए सदस्य आम आदमी पार्टी से जुड़ चुके हैं। इनमें समाज के सभी वर्गों के युवा, महिला व बुजुर्ग तक शामिल हैं। आने वाले दिनों में सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा। छाबड़ा का कहना है कि चंडीगढ़ के लोगों में आम आदमी पार्टी के प्रति भारी उत्साह है। लोगों के मिल रहे अपार समर्थन से आम आदमी पार्टी नगर निगम चुनाव में बहुमत हासिल करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!