सांसद किरण खेर का जूता वाला बयान सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं के अहंकार को दर्शाता है: एचएस लक्की

धनास के लोगों ने भी किरण खेर और भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी

CHANDIGARH, 16 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने शहर की सांसद किरण खेर द्वारा शहर के प्रबुद्ध और शिक्षित मतदाताओं पर की गई अपमानजनक और निन्दनीय टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएसलक्की ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि भाजपा के नेता आम लोगों को संबोधित करते समय अभद्र और असंसदीय भाषा का सहारा लेते हैं, जिसके कारण देश में राजनीतिक विचार-विमर्श के स्तर में भारी गिरावट आई है। लक्की ने कहा कि किरण खेर द्वारा हाल में ही की गई टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो मतदाता, उन्हें वोट नहीं देते हैं, उन्हें छित्तरों से पीटा जाना चाहिए, पूरी तरह से अस्वीकार्य है और यह सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं के अहंकार को दर्शाता है।

इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के दो महासचिवों विनोद शर्मा और ज़ाहिद परवेज खान ने कहा कि शहर के मतदाता सांसद किरण खेर की इस अवांछनीय टिप्पणी पर ठगा हुआ और अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने खेर से घटिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के लिए चण्डीगढ़ के लोगों से तुरन्त माफी मांगने की मांग की।

चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी अपने अध्यक्ष मनोज लुबाना की अगुआई में किरण खेर द्वारा चंडीगढ़ के लोगों के लिए इस्तेमाल की जा रही अभद्र भाषा के विरोध में आज हाथों में जूते लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। धनास और वार्ड संख्या-15 के निवासी भी कांग्रेस नेता धीरज गुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय सांसद किरण खेर की आलोचना करने के लिए आज सड़कों पर उतरे और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

error: Content can\\\'t be selected!!