मोदी का 71वां जन्मदिवस: चंडीगढ़ में भाजपा ने रक्तदान शिविर से शुरू किया सेवा और समर्पण अभियान, जिलाध्यक्ष रविंद्र पठानिया के नेतृत्व में लगा पहला कैंप

CHANDIGARH: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिवस को सेवा और समर्पण अभियान के रूप में मना रही चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज रक्तदान शिविर से इस अभियान की शुरूआत कर दी। पार्टी के डॉ. भीमराव अंबेडकर जिले के सेक्टर-37 स्थित कम्युनिटी सेंटर में यह ब्लड डोनेशन कैंप जिलाध्यक्ष रविंद्र पठानिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा के भाजपा प्रभारी सौदान सिंह तथा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने किया।

सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस रक्तदान शिविर में खून देने के लिए भाजपा के डॉ. भीमराव अंबेडकर जिले के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपना रक्त देकर जरूरतमंद लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद और जिलाध्यक्ष रविंद्र पठानिया ने खुद भी रक्तदान करके कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

सेक्टर-37 के कम्युनिटी सेंटर में रक्तदान शिविर के दौरान संबोधन करते हुए जिलाध्यक्ष रविंद्र पठानिया।

शिविर के दौरान पीजीआई के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्रित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र पठानिया ने कहा कि जिन लोगों की जिंदगी खून के अभाव में संकट में होती है, उनके लिए खून की कमी पूरी करने से बड़ा कोई काम नहीं है। इसलिए रक्तदान को महादान भी कहा गया है। यही कारण है कि पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिवस को सेवा और समर्पण अभियान के रूप में मनाने की शुरुआत रक्तदान से ही करने का निर्णय लिया। इस मौके पर भाजपा चंडीगढ़-पंजाब के संगठन मंत्री दिनेश कुमार, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के महासचिव चंद्रशेखर, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, रवि रावत, वैभव पाराशर, गीतिका जैन, योगराज, मीनाक्षी ठाकुर, कृष्णकांत, अनंत चौधरी, विनोद राणा, राहुल द्विवेदी, संजय टांक, नीलम जोशी, मनदीप पलसोरा, प्रिया पासवान, लेखराज चंदेल समेत पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

सेक्टर-37 के कम्युनिटी सेंटर में रक्तदान शिविर के दौरान मौजूद भाजपा नेता व कार्यकर्ता।

गौरतलब है कि इस अभियान के तहत चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में 21 दिन यानी 7 अक्तूबर तक 20 प्रकार के विभिन्न सेवा कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। क्योंकि 7 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनप्रतिनिधि के रूप में अपने बीस साल पूरे कर रहे हैं। बीस साल पहले 7 अक्तूबर को मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। भाजपा के सेवा और समर्पण अभियान के तहत पार्टी द्वारा चंडीगढ़ में जिला स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएंगी, 6 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, 6 मेडिकल कैंपों का आयोजन किया जाएगा, फलों का वितरण, स्टेशनरी का वितरण, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राशन वितरण, स्वच्छता कार्यक्रम, कोरोना वैक्सीनेशन कैम्प, अंत्योदय योजना से संबंधित सेवा कार्य, नदियों की सफाई, अनाथ आश्रम, पिंगलवाड़ा, दिव्यांगजनों को फल, मिठाई, कपड़े व जरूरत के अन्य सामान का वितरण जैसे 20 तरह के जनसेवा कार्य किए जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!