पंडित नेहरू की वजह से चंडीगढ़ के साथ सौतेला व्यवहार करती है मोदी सरकारः पवन कुमार बंसल

पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले- प्रशासन चंडीगढ़वासियों से टैक्स के रूप में लिए जा रहे पूरे पैसे का उपयोग शहर के विकास के लिए नहीं कर रहा

पेड पार्किंग, डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड, लालडोरा, हाउसिंग बोर्ड के मकानों को नोटिस समेत कई मुद्दे उठाए

CHANDIGARH, 28 MAY: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने आज चंडीगढ़ प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह शहर के निवासियों द्वारा टैक्स के रूप में दिए जा रहे पूरे पैसे का उपयोग शहर के विकास के लिए नहीं कर रहा है । प्रशासन द्वारा चंडीगढ़ के लोगों से टैक्स के रूप में एकत्र किया गया हर रुपया भारत के समेकित कोष में जाता है लेकिन प्रशासन चण्डीगढ़ के करदाताओं का यह पूरा पैसा केन्द्र से वापस नहीं ला पाता है और चण्डीगढ़ में इकट्ठा हुआ टैक्सों का बहुत सा पैसा केन्द्र सरकार के पास ही रह जाता है। नतीजतन, इस राजस्व की कमी को पूरा करने के लिए प्रशासन और नगर निगम को चंडीगढ़ के लोगों पर अतिरिक्त टैक्स लगाना पड़ता है।

पवन कुमार बंसल आज यहां सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में एक प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ और इसके निवासियों के सामने आने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर किया। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पार्टी के प्रवक्ता राजीव शर्मा के अलावा कल कांग्रेस में शामिल हुईं पार्षद तरुणा मेहता, यादविंदर मेहता और हरप्रीत सिंह ने भी मीडिया को संबोधित किया।

पवन कुमार बंसल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की हर एक उपलब्धि को बदनाम करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार चंडीगढ़ के साथ इसलिए सौतेला व्यवहार करती है, क्योंकि चण्डीगढ़ की कल्पना और अवधारणा पंडित नेहरू ने ही आधुनिक भारत में शहरी बुनियादी ढांचे के लिए एक टेम्पलेट के रूप में की थी।

भाजपा शासित नगर निगम पर डड्डूमाजरा में कचरे के ढेर को हटाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने का भी आरोप लगाते हुए बंसल ने कहा कि कूड़े के ढेर को साफ करने के लिए आबंटित करोड़ों रुपए गर्त में जा रहे हैं। बंसल ने कहा कि उनके सांसद कार्यकाल में शहर में डोर टू डोर कचरा संग्रहण प्रणाली शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य देश में चंडीगढ़ को सबसे स्वच्छ बनाना और सफाई सेवकों के लिए रोजगार पैदा करना था लेकिन भाजपा शासित नगर निगम ने कचरा संग्रहण की उस प्रक्रिया को पूरी तरह से गड़बड़ा दिया है। परिणामस्वरूप न केवल कचरा संग्रहण के लिए बजट आवंटन में वृद्धि करनी पड़ी, बल्कि शहर की स्वच्छता में भी बड़ी गिरावट आई है। बंसल ने भाजपा शासित नगर निगम पर पिछले 9 वर्षों में शहर में भूमिगत पार्किंग सहित कोई भी नई पार्किंग साइट विकसित नहीं करने, शहर के सभी पार्किंग स्थलों में 10 मिनट की मुफ्त पिक एंड ड्रॉप सुविधा को जनता से छिपाकर रखने और पार्किंग ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया। बंसल ने मांग की कि अगर वाहन 10 मिनट से कम समय के लिए शहर के किसी भी पार्किंग स्थल पर रुकते हैं तो उनसे कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।

पवन बंसल ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों पर अत्यधिक टैक्स और जुर्माने लगाकर लोगों को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन की एकमात्र उपलब्धि यह है कि उसने असहाय वाहन चालकों को परेशान कर उनकी जेब से पैसा निकालने में काफी तरक्की कर ली है। उन्होंने कहा कि शहर के यातायात ढांचे में कमियों के कारण होने वाले छोटे-छोटे उल्लंघनों के लिए भी वाहनों का चालान किया जा रहा है। बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ के गांवों को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने के बाद लालडोरा होने की उपयोगिता को फिर से परिभाषित करने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी हितधारकों के परामर्श से आम राय बनानी चाहिए। हालांकि बंसल ने मेट्रो रेल परियोजना पर काम शुरू करने के प्रशासन के फैसले का स्वागत किया और कहा कि यह परियोजना 10 साल पहले भी शुरू की जा सकती थी, जब रेल मंत्रालय से उनके सांसद कार्यकाल के दौरान इसे हरी झंडी दी जा चुकी थी।

इस अवसर पर पवन कुमार बंसल चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की आवासीय इकाइयों को लगातार नोटिस दिए जाने और उन्हें बुलडोजर से गिराए जाने की धमकियों से नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि एक कल्याणकारी और संवेदनशील सरकार का दृष्टिकोण लोगों की सेवा करने और समस्याओं का सबकी सहमति से समाधान करने पर केन्द्रित होना चाहिए, न कि आम जनता को परेशान करने और उन पर अंधाधुंध जुर्माने लगाने का।

अंत में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने एक बार फिर पूर्व आम आदमी पार्टी पार्षद तरुणा मेहता का कांग्रेस में शामिल होने पर स्वागत किया। इस दौरान तरुणा मेहता और उनके पति यादविंदर मेहता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर चलने से ही लोगों की तरक्की संभव है। लक्की ने पार्टी की तरफ से उन्हें भरोसा दिलाया कि मेहता को जल्द ही पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!