मिशन कार्पोरेशन: चंद्रमुखी ने 5 दिन में ही दिया चंडीगढ़ कांग्रेस को पहला झटका

चितरंजन चंचल समेत कई कांग्रेसी आम आदमी पार्टी में शामिल

CHANDIGARH: चंडीगढ़ के पूर्व पार्षद एवं कद्दावर कांग्रेसी रहे चंद्रमुखी शर्मा को आम आदमी पार्टी जिस ‘मिशन कार्पोरेशन’ के लिए पार्टी में लेकर आई है, शर्मा ने उस पर काम शुरू करते हुए पांच दिन के भीतर ही कांग्रेस को पहला झटका दे दिया। सोमवार को उन्होंने चितरंजन चंचल समेत कई पुराने कांग्रेसियों को आम आदमी पार्टी की टोपी पहना दी। इसी के साथ उन्होंने चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और उनके समर्थकों पर तीखे हमले भी किए।

मनीमाजरा में कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे चितरंजन चंचल
चितरंजन चंचल मनीमाजरा में कांग्रेस का बड़ा चेहरा होने के साथ ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के बेहद करीबी रहे हैं। चंचल का अपने साथियों समेत आम आदमी पार्टी में शामिल होना कांग्रेस के लिए खास तौर से मनीमाजरा में बड़ा झटका माना जा रहा है। चंचल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। सेक्टर-27 स्थित चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आज आयोजित आप की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चंचल के साथ अशोक कुमार डैनी, अश्वनी कुमार पांडु, गिरीश कपूर, भाजपा के राज चड्ढा ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस के असंतुष्ट चंद्रमुखी के संपर्क में
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने चंद्रमुखी शर्मा को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 में जीत का परचम लहराने के अलावा इस चुनाव में कांग्रेस के सफाए की जिम्मेदारी खास तौर से सौंपी है। ANews Office ने गत 30 सितम्बर को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी। सोमवार को आम आदमी पार्टी ने चंद्रमुखी शर्मा को बाकायदा चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का प्रभारी भी मनोनीत कर दिया। चंद्रमुखी शर्मा के तेवरों को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई अन्य कांग्रेसी भी आम आदमी पार्टी की टोपी पहनने वाले हैं। तमाम असंतुष्ट उनके संपर्क में बताए जाते हैं।

मेरे योगदान को कांग्रेस ने नजरंदाज किया: चंद्रमुखी शर्मा
प्रेस कांफ्रेंस को चंद्रमुखी शर्मा के अलावा आप के चंडीगढ़ संयोजक प्रेम गर्ग, विजय पाल सिंह, विक्रम सिंह पुंडीर और नितिन गोयल ने संबोधित किया। प्रेम गर्ग ने चंद्रमुखी शर्मा का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारी मनोनीत किया। इस अवसर पर चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि उन्होंने 40 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी में विभिन्न पदों पर काम किया, लेकिन पार्टी के प्रति और शहर के विकास के लिए उनके योगदान को कांग्रेस में नजरअंदाज किया गया, क्योंकि उन्होंने पूर्व सांसद पवन बंसल का विरोध किया था।

पवन बंसल के कारण मुझे दरकिनार किया गया
चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि उस समय मैंने यह कहकर अपनी आवाज उठाई थी कि दिल्ली पब्लिक स्कूल के लिए जमीन कांग्रेस पार्टी के एक नेता को आवंटित की गई थी, न कि संगठन को, इसलिए पार्टी को इसे मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। तब से पवन बंसल के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए और बंसल द्वारा संरक्षण प्राप्त स्थानीय नेताओं ने उन्हें हमेशा दरकिनार किया। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि उन्हें लगा कि उनका डीएनए आम आदमी पार्टी के डीएनए से मेल खाता है, इसलिए उन्होंने इस पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में बहुत से जमीनी नेताओं की अनदेखी की जा रही है, क्योंकि उन्होंने बंसल परिवार का चाटुकार बनने से इनकार कर दिया था।

नगर निगम की सत्ता मिली तो कोई नया टैक्स नहीं लगाएंगे: गर्ग
इस अवसर पर प्रेम गर्ग ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी नगर निगम चुनाव में सभी सीटों पर लड़ेगी। गर्ग ने सत्तारूढ़ भाजपा को खराब शासन के लिए और चंडीगढ़ के निवासियों पर नए टैक्स लगाने के लिए आड़े हाथों लिया। गर्ग ने कहा कि एक तरफ नगर निगम धन की कमी का सामना कर रहा है और दूसरी तरफ सत्तारूढ़ दल की नाक के नीचे व्यर्थ का खर्चा जारी है। गर्ग ने घोषणा की कि अगर आम आदमी पार्टी नगर निगम की सत्ता में आती है तो बिना किसी नए टैक्स को लागू किए निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और शहर के लिए लाभदायक बनाने का काम करेगी। शहर की सेवाओं और विकास की गुणवत्ता से समझौता किए बिना वर्तमान करों को घटाने की कोशिश की जाएगी। फिज़ूल खर्च में कटौती करके, निगम के अप्रयुक्त संसाधनों से व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर राजस्व को बढ़ाएगी।

स्वच्छ छवि वालों को ही मिलेगी आप की सदस्यता: गोयल
आप के मुख्य प्रवक्ता नितिन गोयल ने पार्टी में नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के कई नेता अब आप में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व यह सुनिश्चित करेगा कि केवल उन्हीं को शामिल किया जाए, जिनकी स्वच्छ छवि हो और सार्वजनिक सेवा का अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड हो।

30 सितम्बर को प्रकाशित रिपोर्ट: आप ने चंडीगढ़ निगम चुनाव में कांग्रेस के सफाए की ‘सुपारी’ दी पूर्व कांग्रेसी कद्दावर को

error: Content can\\\'t be selected!!