चंडीगढ़ के गांवों के कई कांग्रेसी पूर्व पंच-सरपंच साथियों समेत भाजपा में शामिल, लक्की बोले-सत्ता का विरोध करना हरेक के वश की बात नहीं

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने किया नए लोगों का पार्टी में स्वागत

CHANDIGARH, 1 APRIL: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों तथा भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर चंडीगढ़ के गांवों के कई पूर्व सरपंचों तथा पंचों ने आज अपने अनेक साथियों सहित केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में यहां भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि भाजपा में शामिल हुए इन लोगों में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के प्रधान तथा मनीमाजरा सोसाइटी के प्रधान जीत सिंह बहलाना, किशनगढ़ के पूर्व सरपंच देवेंद्र लुबाना, किशनगढ़ के पूर्व सरपंच गुरविंदर कौर लुबाना, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन हरभजन सिंह, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन आनंद सिंह कजहेरी, अटावा के पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह, खुड्डा लहौरा के पूर्व सरपंच राकेश शर्मा, खुड्डा लहौरा की पूर्व सरपंच कमलेश शर्मा, मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन सुखविंदर सिंह काला, पलसोरा के पूर्व सरपंच व जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट जयचंद, गांव कैंबवाला के पूर्व सरपंच नरेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपप्रधान एवं अखिल भारतीय कबीरपंथी महासभा के प्रेसिडेंट राजेन्द्र कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव तथा पूर्व पंच सोहन सिंह, गांव बहलाना में कांग्रेस के पूर्व प्रधान परमजीत सिंह, पूर्व पंच गुरदीप सिंह, रायपुरकलां गांव के पूर्व पंच गुरदीप सिंह, सेक्टर-26 मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन सुभाष रंधावा, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उप प्रधान गुरपाल सिंह अटावा, गांव धनास के पूर्व सरपंच निर्मल सिंह तथा गांव कजहरी से कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव डॉक्टर प्रेम कुमार के नाम प्रमुख हैं। केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने इन सभी को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो पूर्ण रूप से देश सेवा के लिए समर्पित है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर पल देशवासियों की सेवा में लगे रहते हैं। उनके नेतृत्व में देश तरक्की की राह पर है और पुन: विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकहित योजनाओं से आकर्षित होकर अनेक व्यक्ति आए दिन भाजपा में शामिल हो रहे हैं। आज की यह ज्वाइनिंग न केवल चंडीगढ़ के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक मिसाल होगी, जब पूरे प्रदेश के जनप्रतिनिधि एक साथ एक पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का कोई भी निर्णय भारत को इग्नोर करके नहीं किया जा सकता। आज भजपा में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ता देश में बदलाव की राजनीति के सहभागी बनेंगे।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता को मान-सम्मान दिया जाता है। इसमें छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी बड़े से बड़े पद पर पहुंच सकता है। आज भाजपा में शामिल हुए लोगों से चंडीगढ़ में पार्टी को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी के कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज पार्टी में शामिल हुए लोगों को भी पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। आज के बाद से ये सभी भाजपा के सम्मानित कार्यकर्ता हैं।

इस अवसर पर पंजाब के पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, महामंत्री रामवीर, चंद्रशेखर, प्रदेश सचिव तजेंद्र सिंह सरा, हुकम चंद, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, कार्यलय सचिव देवी सिंह व गजेंद्र शर्मा के अलावा उपमहापौर हरजीत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सिद्धू, डॉ. नरेश पंचाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता भजन सिंह मारू, बलविंदर शर्मा, जुझार सिंह, दीदार सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इधर, भाजपा में कांग्रेसियों की इस ज्वाइनिंग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि आज सत्ता का विरोध करना हर किसी के वश की बात नहीं है। यह वही लोग हैं, जो कल तक किसान आंदोलन में भाजपा के खिलाफ बोलते थे मगर आज इनके सुर बदल गए। लक्की ने कहा कि यह लोग पहले भी पार्टी (कांग्रेस) में रहते हुए कुछ नहीं करते थे, अब भाजपा में जाकर आखिरी पंक्ति में खड़े होंगे। ऐसे लोगों का कोई आस्तित्व नहीं होता और न ही इनके कहीं आने-जाने से किसी को कोई फर्क पड़ता है। लक्की ने कहा कि मैं इनको शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि अब यह भाजपा में टिक कर रहेंगे। कांग्रेस पार्टी वैसे भी जनता से जुड़े हर मुद्दे को प्रखरता से उठा रही है। भाजपा व केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध कर रही है और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने तक करती रहेगी। लक्की ने कहा कि कांग्रेस रोजाना नए लोगों को जोड़ रही है। आने वाला वक्त कांग्रेस का है। कांग्रेस का भविष्य उज्जवल था, उज्जवल है तथा आगे भी स्वर्णिम होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!