कई कांग्रेसी गिरफ्तारः ऑर्डिनेंस केबल फैक्ट्री के निगमीकरण के विरोध में कर रहे थे प्रदर्शन, पवन बंसल भी पहुंचे थाने

CHANDIGARH: ऑर्डिनेंस केबल फैक्ट्री के निगमीकरण के विरोध में आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने यहां सेक्टर-29 में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस के लगभग 300 कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, कांग्रेस महासचिव और मुख्य प्रवक्ता हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में इकठ्ठा होकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े तो चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया लेकिन कई प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने बैरीकेड लांघने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और सेक्टर-26 के पुलिस स्टेशन ले गई।

कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर ले जाती चंडीगढ़ पुलिस।

कांग्रेसजनों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल भी थाने पहुंच गए और प्रदर्शनकारीयो का हौसला बढ़ाया। इससे पहले प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि
बहुत ही दुख की बात है कि बीजेपी सभी सरकारी संस्थाओं का निजीकरण करती जा रही है। देविंदर सिंह बबला ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 200 साल पुरानी आयुध निर्माणी (केबल फैक्ट्री) का निगमीकरण कर दिया, जिसमें 74000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। बबला ने कहा कि ये वो संस्था है, जिसमें जवानो के जूते से लेकर टैंक तक बनते हैंं। 2014 में जब बीजेपी चुनाव लड़ रही थी तो मोदी ने कहा था कि मै किसी भी सरकारी संस्था का निजीकरण नहीं होने दूंगा।

थाने में गिरफ्तार कांग्रेसियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे पवन कुमार बंसल व अन्य नेता।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि बिजली विभाग, हवाई सेवा, पेट्रोलियम, सफाई व्यवस्था समेत तमाम सरकारी विभागों का निजीकरण करके कर्मचारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। आयुध विभाग के कर्मचारी अपनी आवाज नहीं उठा सकते। क्योंकि मोदी सरकार ने ऐसे सख्त कानून बनाए हैं कि कोई भी आवाज उठाएगा तो उसको नौकरी से निकाल दिया जाएगा। इसलिए कांग्रेस ने अब इन कर्मचारियों की आवाज बनने का फैसला किया है।

धरना-प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक ने कहा कि काग्रेस बीजेपी से पूछती है कि ऐसा क्या हो गया कि आयुध निर्माणी का निजीकरण कर रही है, जबकि ये वो ही संस्था है जिसके कौशल से कारगिल तक की लड़ाई जीती गई। इस धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लेने और गिरफ्तार होने वालों में प्रमुख तौर पर अजय शर्मा, मनोज लुबाना, राजीव मौदगिल, सादिक मोहम्मद, मीनाक्षी चौधरी, सरोज, मेघा, अजय जोशी, विनोद शर्मा, शशिशंकर तिवारी, हरीश छाबड़ा, परीक्षित राणा, करणबीर सिंह कन्नू, परवीन नारंग, निर्मला, संतोष आदि शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!