AAP पार्षद तरुणा मेहता अपने पति के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ कांग्रेस में हुईं शामिल, औपचारिक घोषणा कल

CHANDIGARH, 27 MAY: आम आदमी पार्टी को आज चंडीगढ़ में बड़ा झटका लगा है। AAP की पार्षद तरुणा मेहता ने आज आम आदमी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा कल यानी रविवार दोपहर को सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में एक प्रेस कांफ्रेंस करके की जाएगी। फिलहाल चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने इसकी पुष्टि कर दी है।

AAP पार्षद तरुणा मेहता के साथ उनके पति आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता यादविंदर मेहता ने भी कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। यह एक तरह से उनकी घर वापसी है। यादविंदर मेहता शुरू से कांग्रेस में सक्रिय थे और चंडीगढ़ प्रदेश स्तर पर कांग्रेस में कई अहम पदों पर रहे लेकिन चंडीगढ़ नगर निगम आम चुनाव-2021 से पहले यादविंदर मेहता आम आदमी पार्टी में चले गए थे। निगम चुनाव के दौरान उनके वार्ड की पार्षद सीट महिला के लिए आरक्षित हो जाने के कारण AAP ने उनकी पत्नी तरुणा मेहता को अपना उम्मीदवार बनाया और वह चुनाव जीत गईं। अब उनके कांग्रेस ज्वाइन करने को यहां आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

AAP पार्षद तरुणा मेहता और उनके पति यादविंदर मेहता के कांग्रेस में शामिल होने की औपचारिक घोषणा के लिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कल यानी रविवार को दोपहर एक बजे सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में एक प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। इससे पहले तरुणा मेहता और यादविंदर मेहता ने आज अपने समर्थकों के साथ पवन कुमार बंसल से सेक्टर-28 स्थित उनके घर पर मुलाकात की। इस दौरान बंसल ने उन्हें कांग्रेस ज्वाइन कराई।

error: Content can\\\'t be selected!!