खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021: आठ हजार से ज्यादा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

CHANDIGARH, 09 MAY: हाल ही में सम्पन्न हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के बाद अब बारी यूथ गेम्स की है, जिसकी शुरुआत 4 से जून से होगी। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का के प्रतीक चिन्ह, गीत, जर्सी और शुभंकर लॉन्च किया। आइए जानते हैं चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बारे में विस्तार से…

2018 में हुई शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेल में भागीदारी बढाने के लिए बच्चों को स्कूल स्तर से ही तैयार करने में खेलो इंडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 2018 में खेलो इंडिया स्कूल गेम्स नाम से नई दिल्ली में इस पहली बार शुरुआत हुई। जिसमें खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह मिला। इसके बाद स्कूल गेम्स का नाम बदलकर 2019 से खेलो इंडिया यूथ गेम्स कर दिया गया। यूथ गेम्स दो श्रेणियों में आयोजित किया जाता है, जिनमें -अंडर -17 वर्ष स्कूली छात्र और अंडर -21 कॉलेज छात्र हिस्सा लेते हैं।

यूथ गेम्स से चमके खिलाड़ी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत चयनित कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल भी जीत चुके हैं, तो कई ओलिंपिक में भी हिस्सा ले चुके हैं। इनमें वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिननुंगा, शूटर सौरभ चौधरी, मनु भाकर, स्वीमर श्री हरी नटराज, अभिनव शॉ, फिलिप महेश्वरन तबिताजेरेमी लालरिनुगा, स्वदेश मंडल जैसे खिलाड़ी खेलो इंडिया से ही निकले हैं।

अब तक का सबसे बड़ा दल

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह चौथा संस्करण हैं। इस बार देश भर से 8500 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल भाग लेगा। इन खेलों का आयोजन पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगे। केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि डोप टेस्ट पास करने पर ही खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले पाएंगे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) डोप टेस्ट करवाएगा।

पांच पारंपरिक खेल शामिल

आधुनिक खेलों के साथ ही सरकार देश के पारंपरिक खेलों के संरक्षण पर भी जोर देती है। इसी के तहत इस बार पांच पारंपरिक खेल – गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मल्लखंब और योगासन – आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 का हिस्सा होंगे। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूथ गेम्स और हाल ही में संपन्न हुए खेलो इंडिया के तहत यूनिवर्सिटी गेम्स निश्चित रूप से युवाओं को भविष्य में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री ने कहा कि भारत सरकार एथलीटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों को लेकर सजग है।

हरियाणा ने देश को सबसे अधिक पदक दिलाए

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की कुल आबादी में महज दो प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ हरियाणा ने अधिकांश खेल प्रतियोगिताओं में देश को सबसे अधिक पदक दिलाए हैं।

इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्य सरकार इस आयोजन के लिए पूरी तैयारी कर रही है। उन्होंने राज्य को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 की मेजबानी करने का अवसर देने के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह राज्य देश के लिए सिर्फ खाद्यान्नों का ही उत्पादन नहीं कर रहा, बल्कि अपने खिलाड़ियों के माध्यम से पदक भी अर्जित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए अच्छे हैं।

यूथ गेम्स-2021 का शुभंकर गाय

वहीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का शुभंकर एक गाय का रूप होगा, जिसका नाम ‘धाकड़’ रखा गया है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में शनिवार को पंचकूला में इस शुभंकर को लांच किया गया। ‘धाकड़’ अब जया और विजया का उत्तराधिकारी बनेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!