कांग्रेस में अब खड़गे युगः राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते ही कार्यकर्ताओं में भरा जोश, पढ़िए भाषण की बड़ी बातें

new president of congress NEW DELHI, 26 OCTOBER: कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ताजपोशी के लिए नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक समारोह का आयोजन किया गया। पार्टी अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद खड़गे अपने भाषण में खुद की कहानी से लेकर पार्टी के इतिहास और भविष्य के एजेंडे के बारे में बोले। भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर निशाना भी साधा। खड़गे ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का जिक्र करते हुए दोनों की जमकर तारीफ की।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि आज मेरे लिए बहुत ही भावुक क्षण है। आज एक कर्मचारी, मजदूर के बेटे, एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया है। ये सम्मान देने के लिए आप सभी का आभार प्रकट करता हूं। जो यात्रा मैंने 1969 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में शुरू की थी, उसे आप ने आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। जिस महान राजनीतिक दल का नेतृत्व महात्मा गांधी, पं. जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, बाबू जगजीवन राम, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने किया हो। उस जिम्मेदारी को संभालना मेरे के लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। कांग्रेस के सभी अध्यक्षों को याद करते हुए मैं ये भरोसा दिलाता हूं कि अपनी मेहनत और अनुभव से जो कुछ संभव होगा मैं करूंगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से मैं श्रीमती सोनिया गांधी जी के बहुमूल्य योगदान के प्रति हृदय से आदर, सम्मान और आभार प्रकट करना चाहूंगा। मुझे याद आता है कि जब बेंगलुरु के नेशनल हाईस्कूल में अपनी पहली जनसभा में सोनिया जी ने कहा था कि मैं कर्नाटक से राजनीति की शिक्षा ले रही हूं। तब से आपने रातदिन नि:स्वार्थ भावना से पार्टी को संभाला। सोनिया जी हमेशा सच्चाई की राह पर चलती रहीं। सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करने के इस दौर में त्याग और समपर्ण से जो मिसाल आपने कायम की है, उसका दूसरा उदाहरण मिलना मुश्किल है।

खड़गे ने कहा कि हम सब जानते हैं कि जिस लोकतंत्र की स्थापना कांग्रेस ने की थी, उसे बदलने की कोशिश आज हो रही है। किसने सोचा होगा कि देश में ऐसी राजनीति का दौर आएगा, जिसमें झूठ का बोलबाला होगा और सत्ता में बैठे हुक्मरान लोकतंत्र को कमजोर करने में जुटे होंगे। लेकिन मैं ये भी जानता हूं कि झूठ, फरेब और नफरत का ये तंत्र हम तोड़कर रहेंगे। बहुत से लोग कांग्रेस पार्टी के साथ औपचारिक तौर पर जुड़े हुए नहीं हैं, लेकिन वो देश को बचाना चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के नाते मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आइए हम साथ चलें।

खड़गे ने कहा कि मैं राहुल गांधी जी का आभार मानता हूं, जिन्होंने जनता के दर्द को समझा और हर मुश्किल को दरकिनार करते हुए भारत जोड़ो यात्रा पर निकल पड़े हैं। वो लोगों से मिल रहे हैं। उनसे सीधे संवाद कर रहे हैं। किसान, मजदूर, महिलाएं, एनजीओ, बच्चे, युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग सभी से मिलते हैं। ये बहुत बड़ी उपलब्धि हमारी पार्टी के लिए है और खासतौर पर मेरे लिए है। आइए, हम कांग्रेस की उस नई विचारधारा को लोगों के बीच लेकर चलें, जिसे राहुल जी ने अपने कार्यकाल में एक नई धार दी है।

कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से बोले, मैं आपके साथ काम करने के लिए तैयार हूं। मैं नीचे से काम करके यहां तक पहुंचा हूं। एक प्राथमिक सदस्य से ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष और अब आपके बीच हूं। मैंने खुद हर साल मुश्किलों का सामना किया। जिसका सामना आम कार्यकर्ता और पार्टी के नेता करते हैं। पार्टी में काम करते हुए जो चुनौतियां आती हैं, जो उतार-चढ़ाव आते हैं, जिन आशा और निराशा से आप गुजरते हैं मैं उनसे वाकिफ हूं। इसलिए मैं विश्वास के साथ आपसे कहना चाहता हूं कि हम लोग एकसाथ हर चुनौती का सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर नव संकल्प चिंतिन शिविर में हमने तय किया था कि पार्टी में युवाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों के लिए आरक्षित रहेंगे। युवाओं के इस उम्मीद को पूरा किया जाएगा। ब्लॉक, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सभी संगठनात्मक पद भरे जाएंगे। उदयपुर में पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसे अब लागू किया जाएगा। खडग़े ने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पब्लिक इनसाइड डिपार्टमेंट, एआईसीसी इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी बनाई जाएगी। सभी राज्यों में जल्द ही पॉलिटिकल अफेयर कमेटी बनेगी। कांग्रेस प्रेसिडेंट की मदद से सोशल जस्टिस एडवाइजरी कमेटी और एससी-एसटी वर्ग के लिए लीडरशिप मिशन तैयार किया जाएगा।

खड़गे बोले, हमने उदयपुर में संकल्प लिया था कि देश में मौजूदा सरकार की अराजकता को मुंहतोड़ जवाब देंगे। क्चछ्वक्क-क्रस्स् का सपना है कि ये देश विपक्ष मुक्त हो। वो लोग न्यू इंडिया की बहुत बात करते हैं, लेकिन ये कैसा न्यू इंडिया है? जिसमें युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है? किसानों को जीप के नीचे कुचल दिया जा रहा है? जिसमें महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है और अत्याचारियों का सम्मान होता है? ये कैसा न्यू इंडिया है, जहां जनता महंगाई से त्रस्त है और सरकार आंखें बंद करके बैठी है। भारत की जनता की कमाई और मेहनत को सरकार अपने चंद मित्रों के जेब में डाल रही है। इस न्यू इंडिया में भुखमरी बढ़ रही है। प्रदूषण बढ़ रहा है। शिक्षा महंगी हो रही है, लेकिन रुपया लुढ़क रहा है। यहां सरकार सो रही है, लेकिन ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई दमन के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं। उनके (भाजपा) इस न्यू इंडिया में दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और शोषित समाज को अपमानित किया जाता है। उनके मौके छीने जा रहे हैं। आज के दिन इसी न्यू इंडिया में झूठ को सच और सच को झूठ बनाया जा रहा है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बदलकर संघ के संविधान को लाने की कोशिश हो रही है। इसी न्यू इंडिया को बनाने के लिए वो कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते हैं, हम लोग ऐसा होने भी नहीं देंगे।

खड़गे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हम लोगों को मिलकर एक नए भारत का निर्माण करना है, जहां सभी के लिए एक समान अधिकार मिले। सभी को सम्मान मिले। नफरत न हो। युवाओं को रोजगार मिले, महंगाई कम हो। हम महात्मा गांधी के सिपाही हैं। हम किसी से डरते नहीं हैं। जब कांग्रेस का कार्यकर्ता अपने अंदर से डर को निकाल देगा तो बड़े से बड़ा साम्राज्य भी घुटने टेक देगा। मुझे याद है जब राहुल जी लोकसभा में एक बात कही थी कि जो भी मुश्किलें आएंगी, उससे डरना मत। वो हमेशा कहते हैं कि डरो मत। यही श्लोगन हम आगे लेकर चलेंगे। जो लड़ाई कांग्रेस लड़ रही है, वो सिर्फ हमारी नहीं है। हमारे लिए नहीं है। हमारी पार्टी के लिए नहीं है। ये आपके भविष्य के लिए है। हम सभी इसमें मिलकर लड़ेंगे। गुजरात और हिमाचल चुनाव का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में हिमाचल, गुजरात व अन्य राज्यों में चुनाव होने हैं। जनता इन राज्यों में बदलाव चाहती है। हमें पूरी मेहनत और मजबूती के साथ इन चुनावों में प्रदर्शन करना होगा। आप सभी की मेहनत उसमें लगनी चाहिए तभी हम उसमें यश पाएंगे।’

error: Content can\\\'t be selected!!