केजरीवाल का फरमानः चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सर्वे के आधार पर ही होगा टिकट वितरण, किसी की सिफारिश नहीं चलेगी

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने स्थानीय लीडरशिप के साथ की मीटिंग, तैयारियों की जानकारी ली

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए सभी 35 वार्डों में पार्षद पद के उम्मीदवारों का चयन दावेदारों के सर्वे के आधार पर करेगी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कल यहां पार्टी की चंडीगढ़ लीडरशिप को स्पष्ट कर दिया कि निगम चुनाव में टिकट वितरण किसी की भी सिफारिश पर बिल्कुल नहीं होगा। अब स्थानीय लीडरशिप हर वार्ड में पार्षद पद के प्रत्याशी के लिए कम से कम तीन नामों का पैनल तैयार करेगी। इसमें से सर्वे में जो ईमानदार, बेदाग तथा जिताऊ दिखेगा, उसे ही पार्टी टिकट देगी।

अरविंद केजरीवाल बुधवार को पंजाब के दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली लौटने से पहले मोहाली में आम आदमी पार्टी की चंडीगढ़ इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ भी एक बैठक की। इसमें आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा, चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष प्रेम गर्ग, नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन चंद्रमुखी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन तथा पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिक्रम धवन शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने इन सभी नेताओं से पिछले दिनों चंडीगढ़ में हुई पार्टी की गतिविधियों, नगर निगम चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों पर फीडबैक लेने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से बातचीत की। सूत्रों ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को पूरे दमखम से लड़ने तथा जीत दर्ज करने के इरादे से आम आदमी पार्टी यहां इस चुनाव में उतरी है। अब तक पूरे शहर से मिलीं पार्टी की इंटरनल रिपोर्ट्स से जाहिर है कि चंडीगढ़ के लोगों में भी आम आदमी पार्टी के प्रति जबरदस्त उत्साह है। लोग भाजपा व कांग्रेस से ऊब चुके हैं, अब उन्हें आम आदमी पार्टी से उम्मीदें हैं। इसलिए पार्टी का हर नेता व कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करे।

केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव में टिकट वितरण के लिए पार्टी अपने स्तर से अपनी एजेंसी के जरिए हर वार्ड में सर्वे कराएगी। इसी सर्वे के आधार पर ही ईमानदार व जिताऊ प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। टिकट वितरण में किसी भी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी। केजरीवाल ने चुनाव के लिए प्रचार कार्यक्रम भी शीघ्र तैयार करने का निर्देश स्थानीय लीडरशिप को दिया, ताकि दिल्ली व पंजाब के नेताओं की ड्यूटी भी चंडीगढ़ के लिए लगाई जा सके।

error: Content can\\\'t be selected!!