नए श्रम कानून के खिलाफ इंटक ने प्लाजा पर किया जोरदार प्रदर्शन, मोदी सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता

CHANDIGARH: केंद्र सरकार द्वारा संसद में पास किए गए नए श्रम कानूनों के खिलाफ आज इंटक चंडीगढ़ की तरफ से सेक्टर-17 प्लाजा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इंटक के चंडीगढ़ प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दविंदर लुबाना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार व भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही भाजपा सरकार को कर्मचारी, मजदूर और किसान विरोधी करार दिया।

कांग्रेस किसान, मजदूर और कर्मचारियों के साथ डटकर खड़ी है: प्रदीप छाबड़ा
इस विरोध प्रदर्शन में पहुंचे चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार आए दिन कोईं न कोई धक्केशाही व तानाशाही से काले कानून पास करा रही है। ये लोकतांत्रिक व्यवस्था की हत्या नहीं तो क्या है? उन्होंने कहा कि पहले किसानों के खिलाफ काला कानून लाकर उनको बड़े-बड़े अपने मित्र व्यवसायियों के हाथों गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। एक महीने से किसान सड़कों पर हैं। संविधान के तहत मिले विरोध के हक को भी छीना जा रहा है। किसानों को गिरफ्तार किया जा रहा है। ये सरासर हिटलरशाही नहीं तो क्या है ? छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस डटकर किसानों, मजदूरों व कर्मचारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि संसद में बिना चर्चा के लेबर/कर्मचारियों के खिलाफ बिल पास कर उनके हकों को छीना जा रहा है। इस मौके पर इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष दविंदर लुबाना ने कहा कि कांग्रेस के राज में लेबर कानून लेबर के हक में बनाया गया था, ताकि मालिक उनका शोषण न कर सकें लेकिन सूट-बूट की मोदी सरकार ने लेबर के हकों को छीन कर बड़े-बड़े उद्योगपतियों व कंपनी/फेक्ट्री मालिकों को अधिकार दे दिए हैं, ताकि वो उनका शोषण कर सकें। इसे किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चंडीगढ़ इंटक इसका डटकर विरोध करेगी।

किसान, मजदूर व कर्मचारी अब भाजपा सरकार का चाल, चरित्र व चेहरा जान चुके: कुलबीर सिंह
इंटक चंडीगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह ने कहा कि आज बिजली विभाग का निजीकरण किया जा रहा है। कर्मचारी सड़कों पर इसका विरोध कर रहे हैं। इस विभाग को भी मोदी सरकार उद्योगपति मित्रों को देने जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों को खत्म कर आउटसोर्सिंग प्रणाली को लागू किया जा रहा है। झूठे वादे करके बनी केन्द्र की बीजेपी सरकार का चाल, चेहरा व चरित्र किसान, लेबर तथा कर्मचारी अब जान चुके हैं और आने वाले चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे।

प्रदर्शन में ये नेता भी रहे मौजूद
प्रदर्शन में मौजूद रहे अन्य नेताओं में इंटक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हरजिंदर सिंह, महासचिव बलविंदर सिंह, हरमेल केसरी, यादविंदर मेहता, ममता, बलराज सिंह, भजन कौर, सुखप्रीत सिंह, हरजिंदर बावा, नरिंदर रिंकू, अमन सिंह, राकेश बरोटिअ, मैरी जॉर्ज, वरिदर रावत, जीत सिंह बहलाना, राम करन व अंशुल सिंह आदि शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!