बंसल की मौजूदगी में भाजयुमो के कई सदस्य भाजपा छोड़कर युवा कांग्रेस में शामिल हुए

CHANDIGARH: वार्ड नंबर-1 के भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता हितेश राणा समेत भाजयुमो के कई सदस्य आज भाजपा को छोड़कर युवा कांग्रेस में शामिल हो गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल की मौजूदगी में पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गाबी, करण बीर सिंह कानू, आशीष गजनवी एवं दीपक लुबाणा ने हितेश राणा समेत उनके तमाम साथियों को माल्यार्पण कर युवा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।

भाजपा की नीतियों से युवाओं का मोह भंग हो रहा: लक्की
इस मौके पर पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार की नीतियों से अब युवाओं का मोह भंग होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में नगर निगम पर काबिज भाजपा जिस तरह लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है, उससे युवा वर्ग भी जान गया है कि भाजपा कभी जनहितैषी पार्टी नहीं रही है। वह केवल पूंजीपतियों की पार्टी है। इस कारण भाजपा के शासन में देश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। युवाओं को भाजपा के शासन में अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है। लक्की ने कहा कि भाजपा से जुड़े कई अन्य युवा भी जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे। साथ ही नगर निगम चुनाव-2021 में भाजपा का सूपड़ा साफ तय है।

error: Content can\\\'t be selected!!