भाजपाइयों को खीज निकालनी है तो मोदी पर निकालें, अफसरों पर नहीं: कांग्रेस

कहा-पूर्व मेयर हरफूल कल्याण के निगम कमिश्नर से मिलने पर आपत्ति क्यों, भाजपा का वाल्मीकि समुदाय के प्रति असली चेहरा सामने आ गया

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को नगर निगम में आयुक्त के साथ विवाद व पीए जतिन सैनी के साथ कथित हाथापाई की कड़े शब्दों में निंदा की और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा नेताओं व पार्षदों पर भ्रष्टाचार, अफसरों के साथ लड़ाई, यौन शोषण के मामले, चैक बाउंस व गुंडागर्दी जैसे आरोप लगे लेकिन भाजपाइयों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।

इन कांग्रेस नेताओं ने जारी किया बयान
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, वरिष्ठ नेता रामपाल शर्मा, पूर्व मेयर सुभाष चावला, वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, पवन शर्मा, भूपिंदर सिंह बढहेरी, जतिंदर भाटिया, नगर निगम में विपक्ष के नेता दविंदर सिंह बबला, हरफूल चंद कल्याण, संदीप भारद्वाज, हरमोहिंदर सिंह लक्की, पूर्व मेयर कमलेश बनारसीदास, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, अनीता शर्मा, प्रेमलता, पार्षद गुरबक्श रावत, शीला देवी, मोहम्मद सादिक, प्रदेश कांग्रेस महासचिव शशि शंकर तिवारी, जगजीत सिंह कंग, हाफिज अनवारुलहक, जागीर सिंह, युवक कांग्रेस के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गाबी, अजय जोशी, रविंदर कौर, युवक कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष लव कुमार ने एक संयुक्त बयान में आज कहा कि भाजपाइयों ने लोकहित के कार्य तो क्या करने, अपने निजी स्वार्थों व ठेके लेने तथा दिलवाने में पांच वर्ष बिता दिए। अगर आज गांवों के विकास के लिए नगर निगम के पास पैसे नहीं हैं तो अफसरों का क्या कसूर है? झगड़ा करना है तो अपने मंत्रियों से करो, सांसद किरण खेर से करो।

भाजपा से हर वर्ग दुखी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले छह वर्ष में चंडीगढ़ में कोई नया प्रोजेक्ट नहीं आया। न ही कोई फंड केंद्र सरकार से सांसद किरण खेर दिलवा सकीं। आज भाजपा के राज में कर्मचारी दुखी, किसान व छोटा व्यापारी दुखी,म हिला, युवा व छात्र दुखी, गरीब दुखी है। ऊपर से भाजपा शासित नगर निगम ने पानी, सीवर सेस, प्रॉपर्टी टैक्स, पार्किंग रेट बढ़ाने के अलावा नए टैक्स थोप दिए हैं। साढ़े छह करोड़ महीने से भी ज्यादा खर्च करके शहर की सफाई व्यवस्था को देश में 16 नंबर पर पहुंचा दिया गया है।

जनता जवाब मांग रही तो अफसरों से झगड़ रहे भाजपाई
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब परेशान जनता भाजपा के खिलाफ बोलती है या भाजपाइयों से जवाब मांगती है तो अफसरों के साथ झगड़ा करके उनको दबाने का प्रयास किया जा रहा है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपाइयों से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनविरोधी नीतियों की खीज अफसरों पर या अबला नारियों पर मत निकालो। उन्होंने आज निगम में हुए घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की कि सभी आरोपी भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपाइयों को पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण के निगम कमिश्नर से मिलने पर क्या आपत्ति थी ? उन्होंने कहा कि कल्याण के निगम कमिश्नर से मिलने पर विवाद खड़ा करने से भाजपा का वाल्मीकि समुदाय के प्रति असली चेहरा सामने आ गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!