आम आदमी पार्टी के सैकड़ों समर्थक भाजपा में हुए शामिल, अरुण सूद ने किया स्वागत

CHANDIGARH, 13 MARCH: चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-29 के सेक्टर- 56 से आम आदमी पार्टी के सैकड़ों समर्थक आज भाजपा में शामिल हो गए। भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने आम आदमी पार्टी के युवा नेता लक्की मलिक के नेतृत्व में सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे आम आदमी पार्टी के सैकड़ों समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में विकास की गति को देखते हुए लोग हृदय से भाजपा की विचारधारा को अपना रहे हैं | इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव देवी सिंह, डॉ. भीमराव अम्बेडकर जिला के अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक संजीव ग्रोवर, जिला सचिव केसी राणा, पार्षद मनोज सोनकर, मंडल अध्यक्ष नारायण प्रसाद, मंडल उपाध्यक्ष नफे सिंह व मंगेश शर्मा भी उपस्थित थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने सभी लोगों को पार्टी का पटका पहनाकर और मुंह मीठा करवा कर उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष सूद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए दिन-रात एक किये हुए हैं, उस से तमाम विपक्षी दलों में खलबली मची हुई है। आज आप किसी भी विपक्षी दल को देखो तो उनके यहां भ्रष्ट मंत्री या नेता आपको दिखाई देंगे। सूद ने कहा कि आम आदमी पार्टी, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की बात कह कर सत्ता में आई थी, आज उसके ही मंत्री भ्रष्टाचार को लेकर जेलों में बंद हैं। दूसरी ओर, ईमानदार मोदी सरकार के किसी भी मंत्री पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। आज विपक्ष का एक ही मुद्दा है कि किस प्रकार से मोदी को रोका जाए परन्तु देश की जनता बहुत समझदार है। उन्हें सब समझ आ रहा है कि कौन ईमानदार है और कौन बेईमान।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया ने भी सभी लोगों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि ये हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि इतनी भारी संख्या में उस क्षेत्र से सैकड़ों आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने आम आदमी पार्टी को छोड़ा, जहां का पार्षद आम आदमी पार्टी से ही है। आम आदमी पार्टी के पार्षद ने चुनाव के दौरान जनता से जो वायदे किये थे वो उस पर खरा नहीं उतरे। स्थानीय लोग समस्याओं से परेशान हैं और उनके भीतर पार्षद को लेकर काफी रोष भी है। पठानिया ने कहा कि अभी

तो ये शुरुआत है। लोगों को अब आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों की नीयत के बारे में पता चलने लग गया है। उन्होंने सभी को आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी सभी लोगों के साथ है और उनकी हर समस्या के निवारण के लिए उनके साथ खड़ी है |

इस मौके पर युवा नेता लक्की मलिक ने भाजपा के साथ जुड़ने के निर्णय को स्पष्ट करते हुए कहा कि गत कई वर्षों से हम देख रहे हैं कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार किसी भी प्रकार के जाति, समुदाय, लिंग भेदभाव के बिना सभी लोगों के विकास के लिए काम कर रही है, उस से प्रभावित होकर सोचा कि अगर देश को विश्व गुरु बनाना है तो हमारा भी नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम भी इस मिशन की कड़ी बनें, जो देश को सही दिशा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में राष्ट्र प्रथम की बात हो और उसके मुखिया निःस्वार्थ भाव से देश हित में काम कर रहे हों ऐसी पार्टी के साथ जुड़ने से हमारा मनोबल और अधिक दृढ हुआ है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने झूठे वायदे करके स्थानीय जनता को गुमराह करके उनका वोट प्राप्त किया। अब वही जनता से मुंह छुपा रहे हैं। वार्ड नंबर-29 में जनता को अनेक समस्याओं से दो-दो हाथ होना पड़ रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी के पार्षद कुछ नहीं करते। उन्होंने उपस्थित सभी भाजपा पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे और वार्ड नंबर-29 में भाजपा को और अधिक मजबूत करेंगे। साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही अन्य सैकड़ों समर्थक भी आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थामेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!