पंजाब राजभवन का घेराव करने निकले चंडीगढ़ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका

एचएस लक्की के नेतृत्व में भाजपा सरकार और नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसियों ने जमकर की नारेबाजी

चंडीगढ़ के पेड पार्किंग घोटाले के अलावा अडानी मामले की भी सीबीआई जांच की मांग की

CHANDIGARH,13 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता आज सेक्टर 18-19 लाइट प्वाइंट पर पंजाब राजभवन की ओर मार्च करने के लिए एकत्रित हुए लेकिन पुलिस ने कड़ी नाकेबंदी और बेरीकेडिंग कर कांग्रेसजनों को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान कांग्रेसी प्रदर्शनकारियों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र की भाजपा सरकार और भाजपा के नेतृत्व वाले चंडीगढ़ नगर निगम में घोटालों के विरोध में पंजाब राजभवन का घेराव करना चाहते थे।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान स्थानीय स्तर पर करोड़ों के पार्किंग घोटाले, पानी की दरों में बढ़ोतरी, ई-संपर्क केंद्रों पर अत्यधिक सेवा शुल्क, प्रॉपर्टी के शेयरवाइज पंजीकरण पर प्रतिबंध, बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि, कॉलोनियों और हाउसिंग बोर्ड के निवासियों को नोटिस जारी किए जाने जैसे आम आदमी से संबंधित विभिन्न मुद्दों के अलावा राष्ट्रीय स्तर पर मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और अडानी घोटाले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में पंजाब राजभवन का घेराव करने और उपरोक्त मुद्दों व मांगों को लेकर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को ज्ञापन सौंपने के लिए आगे बढ़े तो उनको चंडीगढ़ पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। हाथों में नारे लिखी तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए और चंडीगढ़ में पार्किंग घोटाले और अडानी घोटाले की राष्ट्रीय स्तर पर सीबीआई जांच की मांग की।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ और केंद्र दोनों जगह जनता के पैसे की खुली लूट हो रही है। चंडीगढ़ नगर निगम में करोड़ों का पार्किंग घोटाला और अडानी घोटाला इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं किसी को बचाया जा रहा है, राष्ट्रीय स्तर पर यह अडानी है लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी जांच की जानी चाहिए, जो केवल सीबीआई जांच के माध्यम से ही सम्भव है।

लक्की ने भाजपा नीत चंडीगढ़ नगर निगम पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह नए-नए कर लगाकर और पानी और अन्य सेवाओं की दरों में वृद्धि करके चंडीगढ़ के निवासियों पर बोझ डाल रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करने और शेयर के हिसाब से प्रॉपर्टी का पंजीकरण रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, ब्लाक अध्यक्षों, कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के प्रमुखों सहित विभिन्न कांग्रेस नेताओं ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को जमकर लताड़ा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस, दूध, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है और आम आदमी को बहुत परेशानी हो रही है। उनका जीना मुश्किल हो गया है। लोग भाजपा को जल्दी ही इस देश की सत्ता से हटाने का काम करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!