हाथरस कांड: कांग्रेस ने चंडीगढ़ में कई जगह कैंडल मार्च निकालकर पीड़िता को न्याय के लिए उठाई आवाज

यूपी में महिलाओं पर घिनौने अत्याचार रोकने में विफल योगी आदित्यनाथ में थोड़ी भी शर्म है तो तुरंत सीएम पद से इस्तीफा दें: प्रदीप छाबड़ा

CHANDIGARH: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दलित लड़की की सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या पर गहरा दुख जताते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि यूपी में अपराधी बेलागम हो गए हैं। देश में अपराधों के मामले में यूपी शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि बेटियों के नाम पर वोट मांगने वाली बीजेपी के राज में आज देश की बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। छाबड़ा ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में थोड़ी भी शर्म है तो महिलाओं के साथ लगातार हो रहे घिनौने अत्याचारों को रोकने में नाकाम रहने की जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

इन स्थानों पर निकाले गए कैंडल मार्च
छाबड़ा आज हाथरस कांड की पीडि़त दलित बेटी को न्याय दिलाने की आवाज उठाने के लिए विभिन्न स्थानों पर आयोजित कैंडल मार्च में लोगों को संबोधित कर रहे थे। यह कैंडल मार्च ब्लॉक कांग्रेस ने डड्डूमाजरा में, एनएसयूआई ने सेक्टर-15 में, कांग्रेस के एससी सैल की ओर से सेक्टर-24 में व युवक कांग्रेस की ओर से रामदरबार में आयोजित किए गए। इस दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि भारत की एक बेटी का रेप-कत्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अंत में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया जाता है। इससे ज्यादा अपमानजनक और अन्यायपूर्ण क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि आधी रात को मृत पीडि़ता के परिजन पुलिस के आगे गिड़गिड़ाते रहे लेकिन पीडि़ता के पार्थिव शरीर को यूपी प्रशासन व पुलिस ने खुद ही जबरन जला दिया।

बीजेपी के शासन में सिर्फ अन्याय का बोलबाला
छाबड़ा ने कहा कि जब पीडि़ता जीवित थी तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ तो सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया। पीडि़ता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार भी छीन लिया और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया, ये घोर अमानवीयता है। छाबड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध रोका नहीं, बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया है। अत्याचार रोका नहीं, बल्कि एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दोगुना अत्याचार किया है। शर्म से योगी आदित्यनाथ को पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। छाबड़ा ने कहा कि बीजेपी के शासन में अब न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है। यूपी में कानून-व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। चंडीगढ़ कांग्रेस मांग करती है कि हाथरस कांड की पीडि़त बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!