हाथरस कांडः राहुल गांधी के साथ पुलिस बर्ताव से कांग्रेस में फैला गुस्सा, जमीन पर गिरे राहुल, हाथ में चोट, गिरेबान पकड़ने व लाठीचार्ज का भी आरोप, देखें तस्वीरें

HATHRAS: दलित लड़की के साथ कथित रेप के बाद उसकी हत्या को लेकर हाथरस में राजनीति उफान पर है। इस बीच, आज पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव एवं यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ यमुना एक्सप्रेस वे पर पुलिस ने जिस तरह का बर्ताव किया है, उसको लेकर पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है। कांग्रेस अब पूरे देश में इसको लेकर हंगामा करने की तैयारी में है।

राहुल व प्रियंका गांधी आज जब हाथरस के लिए गाड़ियों के काफिले के साथ निकले तो उससे पहले ही हाथरस प्रशासन ने हाथरस की सीमाओं को सील कर वहां धारा 144 लगा दी। इसके बाद जब राहुल व प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की सीमा में यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचे तो पुलिस ने उनकी गाड़ियों के काफिले को रोक दिया। इसके बाद राहुल व प्रियंका गांधी पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

हाथरस से पहले ही पुलिस ने राहलु व प्रियंका गांधी को रोक दिया। राहुल हाथरस जाने की जिद पर अड़ गए तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस पर राहुल ने पुलिस अधिकारियों से पूछा भी कि उन्हेंं किस धारा व किस अपराध में हिरासत में लिया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसमें राहुल गांधी को भी नहीं बख्शा गया। पुलिस ने धक्का दिया तो वह जमीन पर गिर पड़े। इससे राहुल के हाथ में चोट आई बताई गई है। कांग्रेसजनों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने तथा राहुल गांधी का गिरेबान पकड़ने का आरोप भी लगाया है।

इस घटनाक्रम को लेकर पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गुस्सा फैल गया है। कांग्रेस ने यूपी पुलिस के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा राहुल गांधी को तुरंत रिहा करने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस इस मामले को लेकर अब आंदोलन भी शुरू करने की तैयारी में है।

ये है पूरा मामला
आरोपों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 सितम्बर को चार लोगों ने दिन में बाजरे के खेत में काम कर रही 19 साल की दलित युवती से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ काट दी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई। चारों आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि गैंगरेप और जीभ काटने के आरोप गलत हैं। अब पुलिस रेप होने से भी इंकार कर रही है।

ये भी पढ़ें- हाथरस कांडः फॉरैंसिक रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं, हाथरस जा रहे राहुल गांधी हिरासत में, प्रियंका को भी रोका, देखें फोटो-वीडियो

error: Content can\\\'t be selected!!