हाथरस के दिनेश कुमार हुए कोरोना संक्रमित तो चंडीगढ़ से पंजाब तक भाजपा में मचा हड़कंप

CHANDIGARH/HATHRAS: हाथरस (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी एवं राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बड़े चेहरे दिनेश कुमार कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसके कारण चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा से लेकर पंजाब प्रदेश भाजपा तक में हड़कंप मच गया है। क्योंकि दिनेश कुमार पंजाब प्रदेश भाजपा तथा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री हैं।

चंडीगढ़ व पंजाब के भाजपा नेताओं को चिंता में डालने वाली बात यह है कि संगठन मंत्री दिनेश कुमार ने गत 29 अगस्त को पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया था तो 30 अगस्त को वह चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद थे। लिहाजा, चंडीगढ़ व पंजाब के कई भाजपा नेताओं ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में बिगड़ी तबियत

संगठन मंत्री दिनेश कुमार की तबियत चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ही बिगड़ गई थी। इस वर्चुअल बैठक में वह सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, महासचिव रामबीर भट्टी व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उपस्थित रहकर जुड़े थे।

अरुण सूद ने मीडिया को बताया कि तबियत बिगड़ने के बाद संगठन मंत्री को अस्पताल ले जाकर उनका कोविड टैस्ट कराया गया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। हालांकि सूद का कहना है कि उस समय बैठक में मौजूद किसी भी अन्य व्यक्ति को क्वारंटाइन होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि संगठन मंत्री दिनेश कुमार थोड़ा समय ही बैठ पाए थे।

दूसरी तरफ, संगठन मंत्री दिनेश कुमार के CORONA पॉजिटिव होने के बाद पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा समेत कई नेताओं ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। संगठन मंत्री दिनेश कुमार चंडीगढ़ में सेक्टर-37 स्थित पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालय में क्वारंटाइन किए गए हैं। कार्यालय स्टाफ का भी कोविड टैस्ट कराया जा रहा है। चंडीगढ़ व पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालयों को सेनेटाइज भी किया जा रहा है। पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालय सील कर दिया गया है।

ब्रज प्रांत प्रचारक भी रहे हैं दिनेश कुमार

गौरतलब है कि पंजाब प्रदेश भाजपा तथा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री दिनेश कुमार मूल रूप से हाथरस (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। वह कई साल पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। बाद में उन्होंने अपना जीवन संघ की सेवा में समर्पित कर दिया। संघ में वह पूर्णकालिक प्रचारक बन गए। दिनेश कुमार संघ के ब्रज प्रांत प्रचारक भी रहे। बाद में उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद उन्हें भारतीय जनता पार्टी में संगठन का दायित्व मिला। इसके तहत वह इन दिनों पंजाब के साथ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के भी संगठन मंत्री हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित हो जाने के कारण उन्हें पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालय में 17 सितम्बर तक के लिए क्वारंटाइन किया गया है।

ये भी पढ़ें- अनलॉक-4: कोरोना की चुनौती खत्म न होने तक सामान्य उड़ानें शुरू नहीं हो सकतींः पुरी

error: Content can\\\'t be selected!!