13 जुलाई को शाम 4 बजे पूरे चंडीगढ़ में गुंजायमान होगा हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ

वैश्विक शांति व मानव कल्याण के लिए होगा यह आयोजन: देवेश मौदगिल

CHANDIGARH, 11 JULY: वैश्विक शान्ति एवं मानव कल्याण के लिए 13 जुलाई को गुरु पूर्णिमा-व्यास पूजा के अवसर पर युवा संकल्प फाउंडेशन एवं देवालय पूजक परिषद चण्डीगढ़ द्वारा हनुमान चालीसा और बजरंग बाण के पाठ का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए चण्डीगढ़ के पूर्व मेयर देवेश मौदगिल और देवालय पूजक परिषद के अध्यक्ष लाल बहादुर दुबे ने आज संयुक्त रूप से चण्डीगढ़वासियों से, चण्डीगढ़ के सभी मंदिरों में मंदिरों की कार्यसमिति तथा महिला संकीर्तन मंडली और प्रभु प्रेमियों से, चण्डीगढ़ के सभी सनातन धर्मावलम्बियों से अपने घर में परिवार, मित्रों और सम्बन्धियों के साथ और सभी धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं से अपने निजी सम्पर्कों द्वारा शांतिपूर्ण एवं धार्मिक रीति से 13 जुलाई को शाम 4 बजे हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ करने की अपील की।

देवेश मौदगिल ने बताया कि गुरु पूर्णिमा-व्यास पूजा का हिन्दू संस्कृति में विशेष महत्व है। इस दिन वेदों के संकलनकर्ता तथा पुराणों के रचयिता महर्षि वेद व्यास का जन्म हुआ था। पूर्व मेयर मौदगिल ने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से ऊपर माना गया है। इस दिन गुरु की पूजा की जाती है। देवेश मौदगिल ने कहा कि वैदिक संस्कृति के प्रवाह के लिए इस धार्मिक आयोजन को शान्ति पूर्ण तथा पूर्ण धार्मिक रीति के साथ शहरभर में मनाया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!