वाल्मीकि जयंती पर चंडीगढ़ में धूमधाम से निकली भव्य शोभायात्राः वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने किया उदघाटन, कहा- भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में आज भगवान श्री वाल्मीकि जी की जयंती के मौके पर भव्य शोभायात्रा बड़ी धूमधाम से निकाली गई। इस शोभायात्रा का उदघाटन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष बंसल ने झंडी दिखाकर किया। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव लवकुमार के नेतृत्व में निकाली गई इस शोभायात्रा में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी जिंदल, पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण, जेडपी खान, कांग्रेस महासचिव एचएस लक्की समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा वाल्मीकि समाज के तमाम गणमान्य लोगों ने विशेष तौर पर शिरकत की।

चंडीगढ़ के वाल्मीकि समाज ने भगवान श्री वाल्मीकि जी की शोभायात्रा के लिए इस बार कांग्रेस के प्रदेश महासचिव लवकुमार को चेयरमैन बनाया। उनकी अगुवाई में यह शोभायात्रा आज दोपहर को रामदरबार कालोनी से शुरू हुई और शाम को शहर के विभिन्न सेक्टरों से होती हुई सेक्टर-25 में पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के उदघाटन के मौके पर रामदरबार कालोनी में आयोजित किए गए समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष बंसल मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। यहां भगवान श्री वाल्मीकि शोभायात्रा के चेयरमैन लवकुमार व उनकी टीम समेत वाल्मीकि समाज के तमाम गणमान्य लोगों ने मनीष बंसल को पगड़ी व सिरोपा पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें तलवार भी भेंट की गई। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी जिंदल, पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण, जेडपी खान, कांग्रेस महासचिव एचएस लक्की का भी विशेष तौर पर सम्मान किया गया।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने शोभायात्रा के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए सभी को भगवान श्री वाल्मीकि जी की जयंती की बधाई देते हुए लोगों से भगवान श्री वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। मनीष बंसल ने कहा कि भगवान श्री वाल्मीकि जी की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक रहेंगी। उनकी शिक्षाओं में तमाम समस्याओं का हल है। संबोधन के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने शोभायात्रा को झंडी दिखाकर शहर के लोगों के दर्शनार्थ रवाना किया। इसमें भगवान श्री वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को दर्शाती कई सुसज्जित झांकियां शामिल की गईं।

error: Content can\\\'t be selected!!