पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, दिल्ली के आर्मी अस्पताल में थे भर्ती

ANews Office: एनडीए की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे जसवंत सिंह का आज निधन हो गया। 82 वर्षीय जसवंत सिंह ने रविवार सुबह 6.55 बजे दिल्ली के आर्मी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 25 जून को उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। उनके अंगों ने ठीक से काम करना बंद कर दिया था। राजनीति में आने से पहले जसवंत सेना में थे। वे मेजर के पद से रिटायर हुए थे।

अटल जी की सरकार में जसवंत सिंह ने तीन अहम विभाग (वित्त, रक्षा, विदेश) संभाले लेकिन पार्टी से उनकी बनती-बिगड़ती रही। एक बार उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया। 2014 लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिए जाने से नाराज जसवंत ने खुद पार्टी छोड़ दी थी। 2018 में जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र ने कहा था कि मोदी ने मुझे खुद फोन किया था। उन्होंने मेरे पिता को टिकट न दिए जाने के पीछे जयपुर के एक और दिल्ली के दो लोगों की साजिश बताई थी।

प्रधानमंत्री ने शोक में 3 ट्वीट किए

आतंकियों को लेकर कंधार गए थे जसवंत सिंह

24 दिसंबर 1999 को इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर IC-814 को हाईजैक करके अफगानिस्तान के कंधार ले जाया गया था। यात्रियों को बचाने के लिए भारत सरकार को तीन आतंकी छोड़ने पड़े थे। जिन आतंकियों को छोड़ा गया था, उनमें मुश्ताक अहमद जरगर, उमर सईद शेख और मौलाना मसूद अजहर शामिल था। इन आतंकियों को लेकर जसवंत ही कंधार गए थे। 1998 में परमाणु परीक्षण के बाद अमेरिका ने भारत पर सख्त प्रतिबंध लगाए थे। तब जसवंत ने ही अमेरिका से बातचीत की थी। 1999 में करगिल युद्ध के दौरान भी उनकी भूमिका अहम रही।

पार्टी ने बाहर कर दिया
जसवंत सिंह मोहम्मद अली जिन्ना पर लिखी अपनी किताब की वजह से 2009 में भाजपा से निकाले गए थे। कहा जाता है कि ‘जिन्ना: इंडिया-पार्टीशन, इंडिपेंडेंस’ किताब में उन्होंने जिन्ना को एक तरह से धर्मनिरपेक्ष बताया था। इसके अलावा सरदार पटेल और पंडित नेहरू को भारत-पाकिस्तान विभाजन का जिम्मेदार बताया था।

फिर खुद पार्टी छोड़ी

2010 में भाजपा में जसवंत की वापसी हुई। 2012 में भाजपा ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया, लेकिन, यूपीए के हामिद अंसारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2014 में उन्हें भाजपा ने लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया। उनकी बाड़मेर सीट से भाजपा ने कर्नल सोनाराम चौधरी को उतारा। इसके बाद जसवंत ने भाजपा छोड़ दी। निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। इसी साल उन्हें सिर में चोट लगी। इसके बाद से जसवंत कोमा में ही थे।

कैप्टन के ट्रैप में फंस गए बादल! सबकी निगाहें अब सिद्धू व किसान आंदोलन के रुख पर

error: Content can\\\'t be selected!!