पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने सुबह-सुबह किया ऐसा ट्वीट कि फिर गर्मा गई चंडीगढ़ की सियासत

प्रधान पद से इस्तीफे के बाद चावला के ताजा रुख ने सबको चौंकाया

CHANDIGARH, 14 JUNE: दो दिन पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके चंडीगढ़ के पूर्व मेयर सुभाष चावला ने आज सुबह-सुबह एक ट्वीट करके शहर के राजनीतिक गलियारों को फिर सरगर्म कर दिया। इस ट्वीट के बाद चावला को लेकर कई सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं। उनका यह ट्वीट इसलिए भी मायने रखता है कि वह इन दिनों कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से नाराज नजर आ रहे हैं।

दरअसल, आज चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर का जन्मदिन है और सुभाष चावला ने सुबह ट्वीट करके किरण खेर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। खास बात यह भी है कि चावला ने किरण खेर के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर भी इस ट्वीट में शेयर की है। वैसे राजनीतिक क्षेत्र में विरोधी पार्टियों के नेताओं को ऐसे मौके पर शुभकामनाएं प्रेषित करना कोई नई बात नहीं है। कई मौकों पर नेताओं के व्यक्तिगत ताल्लुकात में राजनीतिक विचारधारा या पार्टी आड़े आती नहीं दिखती है लेकिन पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला का भाजपा सांसद किरण खेर को शुभकामनाएं प्रेषित करना इसलिए शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि चावला का इससे पहले कभी किरण खेर के लिए इस तरह का ट्वीट नहीं देखा गया है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष या पार्टी के अन्य पदों पर रहते हुए सुभाष चावला भाजपा सांसद किरण खेर पर हमेशा हमलावर होते जरूर देखे व सुने जाते रहे।

यही नहीं, सुभाष चावला ने भाजपा सांसद किरण खेर के लिए यह रुख तब दिखाया है जब वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद घर बैठ गए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में कल चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की तरफ से नए प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की की अगुवाई में किए गए धरना-प्रदर्शन में भी सुभाष चावला नहीं दिखे थे। हालांकि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनने के बाद एचएस लक्की कल सुभाष चावला से मिलने उनके आवास पर भी गए थे तथा पार्टी के प्रति उनकी सेवाओं व पार्टी में उनके योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया था। इस दौरान चावला के चेहरे पर नाराजगी साफ दिख रही थी। चावला ने अपने स्थान पर एचएस लक्की की नियुक्ति का भी सार्वजनिक रूप से न तो स्वागत किया, न ही कोई प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद सुभाष चावला ने अपना पहला ट्वीट भाजपा सांसद किरण खेर को जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए किया है तो चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मौजूदा हालात में इसको लेकर सियासी बाजार गर्म होना स्वाभाविक है। माना जा रहा है कि चावला ने इस ट्वीट के जरिए कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से अपनी नाराजगी को सार्वजनिक करने की भी कोशिश की है। उल्लेखनीय यह भी है कि नगर निगम चुनाव-2021 के दौरान व उसके बाद अब तक कई कांग्रेस नेता व दो पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कुछ अन्य के भी जल्द भाजपा में जाने की चर्चाएं हैं।

देखेंः सुभाष चावला का ताजा ट्वीट ?

चावला ने स्वेच्छा से नहीं दिया इस्तीफा, जानिए कौन होगा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष, घोषणा देर शाम तक संभव
हो गया तयः सुभाष चावला हटाए जाएंगे चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी से
error: Content can\\\'t be selected!!