आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंजाब के पूर्व विधायक कुशलदीप ढिल्लों गिरफ्तार, दो सहायकों पर भी केस दर्ज

CHANDIGARH, 16 MAY: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने मंगलवार को फरीदकोट के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त विधायक के साथ सह-आरोपी गुरसेवक सिंह निवासी गांव नानकसर, जि़ला फरीदकोट और राजविंदर सिंह निवासी गांव धन्ना शहीद, जि़ला फिरोजपुर के खिलाफ भी जांच के बाद भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी सभी चल और अचल संपत्तियों का आकलन करने के लिए ब्यूरो द्वारा 01-04-2017 से 31-03-2022 तक पांच साल के लिए एक चैकिंग अवधि निर्धारित की गई है। जांच के दौरान यह पाया गया कि पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों ने अपनी आय से अधिक संपत्ति बनाई और गांव मूमरा, तहसील सादिक, फरीदकोट में अन्य व्यक्तियों के नाम पर संपत्ति खरीदी थी। यह भी पाया गया कि उसने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में लगभग 245 प्रतिशत खर्च किया था।

विजीलैंस प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1), 13(2) और आईपीसी की 120-बी के तहत विजीलैंस थाना फिरोजपुर रेंज में मामला दर्ज किया गया है। उक्त पूर्व विधायक को इस मामले में गिरफ्तार कर बुधवार को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

error: Content can\\\'t be selected!!