सर्विसेज की जीत से फुटबॉल संतोष ट्रॉफी नॉर्थ जोन का आगाज, हिमाचल हारा, जम्मू-कश्मीर से चंडीगढ़ का मैच ड्रॉ

पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने की संतोष ट्रॉफी की शुरुआत, CFA के प्रयासों को सराहा

CHANDIGARH: फुटबॉल संतोष ट्रॉफी नॉर्थ जोन का आगाज चंडीगढ़ में हो गया और सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पंजाब के गवर्नर व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन (CFA) के प्रयासों को सराहा और खिलाड़ियों को भी हमेशा भाईचारा रखने की सलाह दी। इस मौके पर CFA प्रेसिडेंट केपी सिंह के साथ साथ एडवाइजर धर्मपाल, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सरप्रीत सिंह गिल, डायरेक्टर स्पोर्ट्स तेजदीप सिंह सैनी, डिप्टी कमिश्नर विनय प्रताप सिंह आदि भी मौजूद रहे। इस मौके पर चंडीगढ़ के इलेक्शन कमिशनर भी मौजूद थे। रविवार को खेले गए पहले मैच में सर्विसेज ने जीत दर्ज की और उन्होंने हिमाचल प्रदेश को 3-0 से हराया। दिन के दूसरे मैच में चंडीगढ़ ने जेएंडके के साथ मैच 1-1 से ड्रॉ खेला।

सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए पहले मुकाबले में सर्विसेज ने अच्छी शुरुआत की और उन्होंने हिमाचल प्रदेश पर आक्रमण करना शुरू कर दिया। पहले ही मिनट में टीम ने गोल किया और ये गोल मोइरंगथेम रोनाल्डो सिंह की किक से आया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश ने गोल करने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके। 42वें मिनट में एक बार फिर से मोइरंगथेम रोनाल्डो सिंह को गोल करने का मौका मिला और उन्होंने स्कोर को 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में हिमाचल की टीम ने कई मौके बनाए लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। सर्विसेज ने 70वें मिनट में तीसरा गोल किया और ये गोल विवेक कुमार की किक से आया। इसके बाद हिमाचल ने कई बदलाव किए लेकिन वे गाेल नहीं कर सके। सर्विसेज ने मैच को 3-0 से अपने नाम कर लिया। दो गोल करने वाले मोइरंगथेम रोनाल्डो सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मेजबान चंडीगढ़ का पहला मैच ड्रॉ
मेजबान चंडीगढ़ ने पहले मुकाबले में जम्मू एंड कश्मीर का सामना किया। मैच में जम्मू एंड कश्मीर ने अच्छी शुरुआत की और उन्हें पहली सफलता सातवें मिनट में ही मिल गई। ये गोल शाकिर अहमद शेख ने सातवें मिनट में किया। इसके बाद चंडीगढ़ ने मैच में वापसी की और कई मौके बनाए। टीम को 37वें मिनट में पहली कामयाबी मिली और सनवीर सिंह ने गोल कर दिया। बोर्ड पर स्कोर 1-1 हो गया और हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों ने अच्छा गेम खेला और कई बदलाव किए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली और मैच का अंत 1-1 स्कोर के साथ ही हुआ। कुनाल सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्लेयर्स को मदद करेगा प्रशासन

चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने खिलाड़ियों के साथ बात करते हुए उन्हें कहा कि फुटबॉल जैसे खेल भाईचारे का प्रतीक हैं और इससे प्यार बढ़ता है। आप सभी अपने साथ इस प्यार को लेकर जाएं और भविष्य में कभी भी आमने सामने आएं तो उसी प्यार के साथ आएं। चंडीगढ़ का फुटबॉल अच्छा है और यहां से कई सारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे हैं। प्रेसिडेंट सीएफए केपी सिंह ने प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित का मदद के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने प्लेयर्स की प्राइज मनी से लेकर हर तरह की मदद देने की बात कही है। गेम को आगे लेकर जाने के लिए इस साथ की जरूरत है।

23 नवंबर के मैच
चंडीगढ़ बनाम उत्तर प्रदेश सुबह 9.30 बजे से
जम्मू एंड कश्मीर बनाम सर्विसेज दोपहर 3 बजे से

error: Content can\\\'t be selected!!