चंडीगढ़ में इस बार हटी पटाखों पर रोकः जानिए दीवाली, गुरुपर्व और दशहरे पर कौन से पटाखे चला सकेंगे लोग

दो साल से चंडीगढ़ में लगा था पटाखों की बिक्री व इस्तेमाल पर प्रतिबंध, चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन ने जताई खुशी

firecrackers CHANDIGARH, 30 SEPTEMBER: चंडीगढ़ प्रशासन ने आखिरकार इस बार दीवाली, गुरुपर्व और दशहरे पर पटाखे बेचने व इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी। लिहाजा, दो साल बाद चंडीगढ़ में लोग धूमधड़ाके के साथ दीवाली, गुरुपर्व और दशहरा मना सकेंगे। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने इस मौके पर सिर्फ ग्रीन पटाखे बेचने व चलाने की परमीशन दी है लेकिन प्रशासन के इस फैसले से चंडीगढ़ के पटाखा विक्रेताओं को बड़ी राहत मिली है। उनके चेहरे खिल उठे हैं।

बता दें कि चंडीगढ़ में प्रशासन ने 2020 में पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी, जबकि पड़ोसी शहर पंजाब के मोहाली व हरियाणा के पंचकूला में समय निर्धारित करते हुए दीवाली, गुरुपर्व और दशहरे पर पटाखे चलाने की परमीशन दे दी गई थी। इससे चंडीगढ़ के पटाखा कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ था। इन कारोबारियों के हितों को देखते हुए चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देविंदर गुप्ता तथा महासचिव चिराग अग्रवाल ने पिछले साल चंडीगढ़ प्रशासन के तमाम उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देकर चंडीगढ़ में भी दीवाली, गुरुपर्व और दशहरे पर पटाखों की बिक्री व इस्तेमाल की परमीशन देने की मांग की थी। उनका तर्क था कि चंडीगढ़ के साथ पंचकूला व मोहाली सटे हुए हैं और यह क्षेत्र ट्राइसिटी कहलाता है। यहां कोई भी नियम एक समान लागू किया जाना चाहिए। अलग-अलग नियम लागू करने का कोई औचित्य नहीं बनता लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन ने पिछले साल भी चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन की इस मांग को नहीं माना।

चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देविंदर गुप्ता तथा महासचिव चिराग अग्रवाल ने इस बार फिर चंडीगढ़ प्रशासन को ज्ञापन देकर हरियाणा व पंजाब की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी ग्रीन पटाखों की बिक्री व इस्तेमाल की अनुमति देने की मांग की थी। लिहाजा, इस बार चंडीगढ़ प्रशासन ने चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन की मांग को मान लिया तथा दीवाली, गुरुपर्व और दशहरे पर ग्रीन पटाखे बेचने व इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है। प्रशासन की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि चंडीगढ़ में दीवाली की रात 8 बजे से रात 10 बजे तक ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति होगी। दशहरे पर पुतला दहन के लिए और गुरुपर्व के लिए सुबह 4 बजे से सुबह 5 बजे तथा रात 9 बजे से रात 10 बजे तक ग्रीन पटाखे चलाने की परमीशन होगी। चंडीगढ़ क्रेकर्स डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देविंदर गुप्ता तथा महासचिव चिराग अग्रवाल ने चंडीगढ़ प्रशासन के इस फैसले पर खुशी जताते हुए प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया है। नोटः फोटो प्रतीकात्मक है।

error: Content can\\\'t be selected!!