मशहूर पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर का कोरोना से निधन, पंजाब में शोक की लहर

CHANDIGARH: मशहूर पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर का आज निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थे। उनका यहां मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका हालत नाजुक बनी हुई थी। 60 वर्षीय सरदूर सिकंदर के निधन की सूचना पाकर पंजाब तथा उनके तमाम प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कई मंत्रियों व साथी गायकों ने सरदूर सिकंदर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी है।

बताया जाता है कि सरदूर सिकंदर पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में उन्हें कोरोना संक्रमित भी पाया गया। कोरोना संक्रमण के कारण उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। तब पिछले दिनों उन्हें यहां मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। कल ही पंजाब के मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने अस्पताल पहुंचकर सरदूर सिकंदर का हालचाल जाना। साथ ही उनके इलाज में सरकार की तरफ से कोई कमी न आने देने की बात कही थी लेकिन बुधवार को सिकंदर कोरोना से जंग हार गए और उन्होंने दम तोड़ दिया।

सरदूर सिकंदर की मौत से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को भी बड़ा झटका लगा है। गायिका मिस पूजा ने सरदूल सिकंदर की फोटो शेयर कर लिखा कि विश्वास नहीं हो रहा कि उस्ताद सरदूल सिकंदर हमें छोड़कर चले गए। परमात्मा उनकी आत्मा को अपने चरणों में जगह दे। रेस्ट इन पीस गुरुजी।पंजाबी गायक एवं गीतकार हैप्पी रायकोटी ने सरदूल की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा है, ओए मालका, एह की कहर कमाया। 

सरदूर सिकंदर के दो बेटे आलाप और सारंग सिकंदर हैं। दोनों गायकी के क्षेत्र में हैं। सरदूल सिकंदर दिसंबर में सिंघू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में भी गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और गायिका अमर नूरी भी थीं।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर सरदूल सिकंदर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महान पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वे हाल ही में कोरोना पॉजिटिव हुए थे और उसी के लिए उनका इलाज चल रहा था। पंजाबी संगीत की दुनिया आज गरीब है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
 

गौरतलब है कि पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर का पंजाबी गायकी को मशहूर करने में अहम योगदान रहा है। सरदूल सिकंदर ने 1980 के दशक में अपनी पहली एलबम रोडवेज दी लारी निकाली थी। इसके बाद उन्होंने कई हिट गीत दिए। सरदूल सिकंदर ने कई पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था।

error: Content can\\\'t be selected!!