पंजाब यूनिवर्सिटी में अवैध मजारों के नाम पर हो रहा अतिक्रमण

पूर्व पार्षद देवशाली बोले- करोड़ों की जमीन पर भू-माफिया की नजर, उप राष्ट्रपति से की कार्रवाई की मांग की

CHANDIGARH, 17 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रशिक्षण विभाग के संयोजक एवं पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के कुलाधिपति एवं उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के परिसर में अवैध मजारों के नाम पर किए जा रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।

देवशाली ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र होने के नाते यह उन जैसे लाखों विद्यार्थियों के लिए चिंता का विषय है कि उत्तर भारत के सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल इस संस्थान में हो रहे अवैध निर्माण का किसी ने संज्ञान नहीं लिया या फिर जानबूझकर आँखें मूंदने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस प्रकार अवैध मजारों का निर्माण किया जाना आश्चर्यजनक होने के साथ-साथ चिंताजनक भी है। ऐसा प्रतीत होता है कि अवैध मजारों की आड़ में पंजाब विश्वविद्यालय परिसर की करोड़ों की भूमि पर भू-माफिया कब्जा करना चाहता है। समय रहते यदि उचित कार्रवाई न की गई तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण हमेशा सुर्ख़ियों में रहने वाला पंजाब विश्वविद्यालय अब अवैध मजारों के कारण स्थानीय छात्रों और निवासियों के लिए परेशानी उत्पन्न कर रहा है।

देवशाली ने कुलाधिपति से अनुरोध किया कि पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के परिसर में अवैध रूप से बन रही मजारों के नाम पर जमीन पर कब्ज़ा करने वालों के विरुद्ध शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए और विश्वविद्यालय परिसर को अवैध कब्जों से मुक्त करवाया जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!